4 अप्रैल को विन्ध्य का स्थापना दिवस मनेगा
भोपाल
भाजपा विधायक नरायण त्रिपाठी ने विन्ध्य के लोगों को पत्र लिखकर कहा है कि 4 अप्रैल को विन्ध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर हर घर में दीपक जलाकर विन्ध्य प्रदेश के पुनर्निर्माण के लिए प्रार्थना करें।
इस दौरान नर्मदा मैया, शारदा माई और स्वामी कामतानाथ से प्रार्थना करें कि माता और भगवान केंद्र व एमपी सरकार को विन्ध्य प्रदेश के पुनर्निर्माण के लिए प्रेरित करें। विधायक त्रिपाठी ने यह पत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गांव और नगर का जन्म दिवस मनाने के निर्णय को ढाल बनाकर जारी किया है। उन्होंने कहा है कि हमें ग्राम व नगर गौरव दिवस मनाना है तो विन्ध्य प्रदेश का स्थापना दिवस भी मनाना चाहिए।
विंध्य प्रदेश के पुनर्निर्माण की लड़ाई लड़ रहे भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने विंध्य वासियों को लिखे पत्र में कहा है कि देश की स्वतंत्रता के बाद सेंट्रल इंडिया एजेंसी ने 35 रियासतों को मिलाकर बघेलखंड और बुंदेलखंड राज्यों के संघ के रूप में विंध्य प्रदेश राज्य की स्थापना 4 अप्रैल 1948 को की थी। यह सभी के लिए गौरव की बात है और अब इसी विन्ध्य प्रदेश के पुनर्निर्माण के लिए संघर्ष किया जा रहा है।
सुंदरकाण्ड पाठ कराने की अपील
विधायक त्रिपाठी ने कहा है कि विन्ध्य अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि विंध्य के स्थापना दिवस 4 अप्रैल को शाम 7:30 बजे अपने अपने घर के सामने एक दीपक जलाकर ईश्वर से प्रार्थना करें कि भारत सरकार और मध्य प्रदेश सरकार को विंध्य प्रदेश के पुनर्निर्माण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने अपील की है कि इस दिन अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मंदिर में सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया जाए। साथ ही आराध्य देवताओं, नर्मदा मैया, शारदा माई, स्वामी कामतानाथ से भी प्रार्थना करें कि वह शक्ति प्रदान करें ताकि गौरवशाली विंध्य प्रदेश पुन: बन सके। उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर घर-घर, गली-गली, गांव-गांव, नगर-नगर जलाएं एक दीपक विन्ध्य प्रदेश के नाम अभियान चलाने का आग्रह भी विन्ध्य क्षेत्र के लोगों से किया है।
