प्रदेश कांग्रेस में यूपी हार के बाद एमपी में बनेगी नई रणनीति
भोपाल
यूपी की हार के बाद एमपी कांग्रेस में अब मिशन 2023 के लिए रणनीति में बदलाव किया जाएगा। पहले यह माना जा रहा था कि यदि वहां पर प्रियंका गांधी का अभियान ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं ’ और महिलाओं को 40 फीसदी सीटों पर टिकट का फॉर्मूला चला तो एमपी में भी इसी रणनीति के आधार पर महिला मतदाताओं को पार्टी की ओर आकर्षित किया जाएगा, लेकिन अब यूपी की असफलता के बाद कांग्रेस अपनी रणनीति में परिवर्तन करेगी।
सूत्रों की मानी जाए तो कांग्रेस के उत्तर प्रदेश चुनाव लड़ने के अंदाज को देखते हुए कांग्रेस की महिला नेताओं को टिकट मिलने की उम्मीद जागी थी, साथ ही उन्हें लड़की हूं लड़ सकती है अभियान शुरू कर अपने क्षेत्र में सक्रिय होने का मौका का इंतजार था। उत्तर प्रदेश चुनाव के परिणामों में प्रियंका गांधी का यह अभियान और महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा टिकट दिए जाने का फार्मूला फ्लॉप होने के बाद अब महिलाओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस में नई रणनीति बनाई जाएगी। माना जा रहा है कि कमलनाथ के भोपाल आते ही महिलाओं को और पार्टी के अंदर और प्रदेश की महिलाओं के बीच में सक्रिय करने के किसी अन्य फार्मूले पर काम होगा। इस फार्मूले को तैयार करने में महिला कांग्रेस के अलावा नाथ की कोर टीम काम कर रही है।
