पंजाब जीतने के बाद यूपी में आम आदमी पार्टी कैसे करेगी खुद को मजबूत?

लखनऊ

पंजाब विधानसभा चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने यूपी में मजबूती के लिए प्लानिंग शुरू कर दी है। आप दो अप्रैल से यूपी में सदस्यता अभियान शुरू करेगी। सोमवार को पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि जल्द ही संगठन में बड़े निर्णय लिए जाएंगे। सदस्यता अभियान से पार्टी को मजबूत किया जाएगा। आने वाले नगर निगम में पार्टी पूरी तैयारी से उतरेगी।

बैठक में सभी जिलाध्यक्ष व विधानसभा चुनाव के सभी प्रत्याशी बैठक में शामिल हुए। संजय सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी अभी से जुट जाएं। किस तरह से पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए, इस पर विचार किया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव कैसे लड़ना है और क्या रणनीति रहेगी, इस पर भी पार्टी जल्द ही निर्णय लेगा। उन्होंने संगठन के सभी नेताओं के सुझावों को सुना।

उन्होंने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी लेनी होगी। संगठन से लोग जुड़ना चाहते हैं और उनको पार्टी से जोड़ने का अभियान भी तेज किया जाए। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।  

पदाधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में पार्टी के प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर आम आदमी पार्टी एक विकल्प के रूप में उभरी है। यूपी में भी पार्टी की अलग पहचान है और हम यहां प्रमुख विपक्षी दल की भूमिका को निभाएंगे। भाजपा ने जो वायदे यहां की जनता से किए हैं, उन पर हम निगाह रखेंगे।  प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह और महासचिव दिनेश सिंह पटेल भी इस मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *