भारत इमरान खान से तारीफ सुन बोला, ‘हमारे लिए कोई नई बात नहीं, रिकॉर्ड उठाकर देख लो’

नई दिल्ली
भारत की स्वतंत्र विदेश नीति को लेकर हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की एक टिप्पणी पर भारत ने जवाब दिया है। इमरान खान ने रविवार को एक रैली में रूस-यूक्रेन जंग का जिक्र करते हुए भारत की विदेश नीति को बेखौफ बताया और जमकर तारीफ की। अब इसको लेकर भारत का बयान आया है जिसमें कहा गया है कि ये कोई नई बात नहीं है। विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने सोमवार को कहा कि भारत को उसकी विदेश नीति की पहल के लिए वैश्विक स्तर पर पहले भी प्रशंसा मिली है और यह कहना कि एक व्यक्ति ने इसकी तारीफ की है, तो यह गलत होगा।

भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत सरकार के कड़े आलोचक रहे इमरान खान की हालिया टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर, विदेश सचिव ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि इस संबंध में भारत का रिकॉर्ड खुद बोलता है। उन्होंने कहा, “यह कहना कि एक व्यक्ति (हमारी विदेश नीति की प्रशंसा कर रहा है) गलत होगा। प्रधानमंत्री के स्तर पर हमारी कई विदेश नीति पहलों के लिए हमें दुनिया भर में प्रशंसा मिली है। मुझे लगता है कि हमारा रिकॉर्ड खुद बोलता है।” बता दें कि रविवार को खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में एक रैली को संबोधित करते हुए पाक पीएम खान ने कहा, ‘हमारा पड़ोसी मुल्क है भारत। आज मैं उसकी दाद देता हूं। उसकी डिप्लोमैसी आजाद है। अमेरिका और पश्चिमी देशों ने रूस पर तमाम पाबंदियां लगाई हैं, लेकिन भारत बेखौफ होकर उससे तेल खरीद रहा है। इसके लिए वह पड़ोसी देश भारत की सराहना करेंगे, क्योंकि उसके पास अपनी एक स्वतंत्र विदेश नीति रही है।" इमरान खान ने ये भी कहा कि भारत क्वाड समूह का हिस्सा है और उसने अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद रूस से सौदा किया है। खान ने कहा कि उनकी विदेश नीति भी पाकिस्तानी जनता के हित में रहेगी।   

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *