प्रदेश कांग्रेस के निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खुंटिया ने सदस्यता अभियान को लेकर बड़ी बैठक बुलाई
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खुंटिया ने सदस्यता अभियान को लेकर बड़ी बैठक बुलाई है। यह बैठक 24 मार्च को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होने जा रही है। इस बैठक में विधायकों के साथ ही जिला अध्यक्षों को बुलाया गया है। प्रदेश कांग्रेस के होने वाले चुनाव को लेकर यह बैठक अहम मानी जा रही है। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ शामिल नहीं होंगे।
जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खुंटिया ने सदस्य बनाए जाने को लेकर जो टारगेट दिया था, उसकी अपडेट लेकर जिला अध्यक्षा के साथ ही सभी विधायकों को भोपाल बुलाया है। इनके साथ ही प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, एनएसयूआई और सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों के साथ ही विधायकों को कांग्रेस के अनुषांगिक संगठनों के अलावा प्रकोष्ठों को भी सदस्य बनाए जाने का टारगेट दिया गया है। पूरे प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाने का टारगेट है। सदस्यता अभियान 31 मार्च तक चलना है। ऐसे में तय दिनांक से 7 दिन पूर्व तक कितनों ने अपना टारगेट पूरा कर लिया और कितने टारगेट पूरा नहीं कर सकेंगे। यह 24 मार्च को सामने आ जाएंगा। इसके साथ ही यह भी टिप्स दिए जाएंगे कि कैसे सदस्यता अभियान के अंतिम चरण में तेजी लाई जाए। वहीं आॅन लाइन सदस्यता अभियान की भी डिटेल्स इस बैठक में बताई जाएगी।
20 अगस्त तक होना है संगठन के चुनाव
सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का चुनाव होगा। इसमें सबसे पहले ब्लॉक अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों के चुनाव होंगे। इसके बाद इनमें से जिला प्रतिनिधि, प्रदेश प्रतिनिधि और एआईसीसी के डेलीगेट चुने जाएंगे। ये प्रतिनिधि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में वोट करेंगे। इनके वोट के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। ऐसा माना जा रहा है कि इन चुनाव में औपचारिता ही होगी। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 20 अगस्त तक हो जाएगा।
