जल्द पवेलियन लौटेंगे इमरान खान! जनरल बाजवा कर देंगे तख्तापलट?
इस्लामाबाद
पाकिस्तान (Pakistan News) में प्रधानमंत्री इमरान खान की कुर्सी खतरे में है। इमरान सरकार के खिलाफ जबरदस्त विरोध देखा जा रहा है। इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है और शुक्रवार को नेशनल असेंबली का सत्र बुलाया गया है और आगे वोटिंग भी हो सकती है। 2018 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद से इमरान की यह सबसे कठिन राजनीतिक परीक्षा मानी जा रही है। एक तरफ राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इमरान खान अपनी कुर्सी बचाने के लिए नए आर्मी चीफ की नियुक्ति कर सकते हैं। इस संभावित फैसले की आहट मिलने पर उनके अपने ही विरोध में खड़े हो गए हैं। उधर, खबर है कि इमरान पर पीएम की कुर्सी छोड़ने का भारी दबाव है। अंदरखाने से खबरें आ रही हैं कि सेना (Pakistan Army Chief General Bajwa) और आईएसआई ने उन्हें अगले कुछ दिनों में पद छोड़ने की डेडलाइन दे दी है।
दरअसल, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के 100 सांसदों ने इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया है। आरोप लगाया गया है कि इमरान सरकार की नीतियां देश में आर्थिक संकट और महंगई का आसमान छूने के लिए जिम्मेदार हैं। आर्थिक संकट के चलते देश में राजनीतिक संकट गहरा गया है। सेना को लगता है कि ऐसे हालात में इमरान खान का इस्तीफा देना ही ठीक रहेगा।
कुर्सी बचाने के लिए क्या आर्मी चीफ को हटाएंगे इमरान?
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के ही एक नेता ने इमरान को चेतावनी देते हुए संकेत दिया है कि देश में नए आर्मी चीफ की नियुक्ति होने वाली है। इमरान सरकार से बेहद नाराज डॉ. आमिर लियाकत हुसैन ने आगाह किया है कि अगर वह (इमरान) नए आर्मी चीफ की नियुक्ति करने का फैसला करते हैं तो पूरे देश में जोरदार विरोध भड़क सकता है। लियाकत कहते हैं कि उनके पास ऐसी खबरें आ रही हैं कि इमरान खान नए आर्मी चीफ को नियुक्त करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भारी नुकसानदेह कदम साबित होगा और वह इस तरह के किसी भी कदम के खिलाफ सबसे मजबूत आवाज होंगे।
आमिर ने एक ट्विटर वीडियो में कहा, 'प्लीज, आप ऐसा न करें। जनरल बाजवा और पूरे इंस्टिट्यूशन का काफी सम्मान है। बलूचिस्तान रेजिमेंट से लेकर आर्मी चीफ तक जनरल बाजवा की सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता। और आर्मी चीफ की बात करना अलोकतांत्रिक नहीं है। हमने उनके लिए वोट किया है (उनकी सेवाओं को बढ़ाने का)।'
