बदमाशों ने रंगों के बजाय खून से खेली होली, चुनावी रंजिश में तीन को मारी गोली; दो महिलाओं की मौत

परवलपुर (नालंदा)
नालंदा के थाना क्षेत्र के अलावां गांव में शनिवार को रंगों की जगह गोलियां बरसीं। दो महिलाओं की मौत हो गयी। एक बुजुर्ग पटना में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। लोग डर से घरों में दुबके हैं। पुलिस तैनात है। घटना का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है। पूर्व मुखिया समेत तीन आरोपित गिरफ्तार किये गये हैं। मरने वालों में अनिल राउत की 45 वर्षीया पत्नी रेणु देवी और भोला प्रसाद की 50 वर्षीया पत्नी पुष्पा देवी हैं। 70 वर्षीय राजेंद्र राउत का इलाज पटना में चल रहा है। मृतक व जख्मी सभी एक ही पक्ष के हैं। इसके विरोध में शनिवार को ही ग्रामीणों ने शव को सतमुहवां पुल के पास रखकर एनएच 33 को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रही।

शुक्रवार को हुई थी मारपीट
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को गांव के ही दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसमें चार लोग जख्मी हो गये थे। इस मामले में एक पक्ष के लोगों ने थाने में एफआईआर भी करायी थी। शनिवार को भी यह विवाद शांत नहीं हुआ। दोपहर के करीब एक पक्ष के लोगों ने पूर्व मुखिया के घर पर हमला कर दिया। इसके बाद ग्रामीण एक-दूसरे का खून बहाने पर उतारू हो गये। दोनों पक्षों से गोलियां चलने लगीं।

तीन को लगीं गोलियां
एक के बाद एक तीन लोगों को गोलियां लग गयीं। इनमें से रेणु की मौके पर ही मौत हो गयी। पुष्पा को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिलक कॉलेज रेफर किया गया। वहीं, राजेंद्र को पीएमसीएच भेज दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को सतमुहवां पुल के पास रखकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीण पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया। रविवार की तड़के इलाज के दौरान पुष्पा की जान चली गयी। राजेंद्र की हालत भी गंभीर है। मारपीट में दूसरे पक्ष के भी आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं।

डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिलसा डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद कई थानों की पुलिस के साथ गांव पहुंचे। गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस तैनात है। थानाध्यक्ष रमण कुमार वशिष्ठ ने बताया कि रेणु के पति अनिल ने 18 लोगों के खिलाफ एफआईआर करायी है। मुख्य आरोपित पूर्व मुखिया समेत तीन गिरफ्तार हैं। अन्य की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। चुनावी रंजिश की बात सामने आ रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *