जमीनों के दामों को लेकर रजिस्ट्री आॅफिस में सुझाव और आपत्तियों को लेकर आज आखिरी दिन

भोपाल। राजधानी में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन में जमीनों के दाम 5 से लेकर 20 फीसदी तक बढ़ाए गए हैं। इस संबंध में सुझाव और आपत्तियों को लेकर आज आखिरी दिन है। दोपहर तक आॅनलाइन, कलेक्ट्रेट और पंजीयन दफ्तरों में आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि होली और सरकारी अवकाश के कारण लोगों को आपत्तियां लगाने के लिए मात्र दो दिन मिले थे। ऐसे में अब जिला मूल्यांकन समिति को 31 मार्च तक दावा-आपत्तियों का निराकरण कर प्रस्तावित गाइडलाइन को मंजूरी के लिए केंद्रीय मूल्यांकन समिति को भेजना है। एक अप्रैल से नई दरें लागू होंगी और उसी के आधार पर रजिस्ट्रियां होंगी।

भोपाल जिले में जिला मूल्यांकन समिति ने दो साल बाद 538 लोकेशन पर जमीनों के दाम बढ़ाना तय किया है। इसमें शहर और ग्रामीण दोनों इलाके शामिल हैं। यहां पर 5 से लेकर 20 फीसदी रेट बढ़ाने का प्रस्ताव लाया गया है। शहर में सबसे ज्यादा प्रभावित एरिया नए शहर का है। यहां 181 लोकेशनों में से 66 लोकेशन ऐसी हैं, जहां बिल्डरों के बड़े प्रोजेक्ट हैं।

इसमें बावड़िया कला, मिसरोद, जाटखेड़ी, चूनाभट्टी, मैपल हाइट्स, मिसरोद, जाटखेड़ी, मिनाल, निरुपम रॉयल पाम, त्रिलंगा, अरेरा कॉलोनी, कोलार रोड सहित कई अन्य लोकेशन हैं। पुराने शहर में जहांगीराबाद में 20 फीसदी रेट बढ़ाना प्रस्तावित किया गया है। पंजीयन अफसरों का दावा है कि जिले में 4113 लोकेशनों पर हुई रजिस्ट्री की पड़ताल करने के बाद ये वृद्धि प्रस्तावित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *