मुख्यमंत्री चौहान ने वीरांगना अवंति बाई लोधी की पुण्य-तिथि पर किया नमन

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वीरांगना अवंति बाई लोधी की पुण्य-तिथि पर नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभा कक्ष में वीरांगना के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री चौहान ने वीरांगना अवंति बाई लोधी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान का स्मरण भी किया।

रानी अवंति बाई लोधी 1857 की क्रांति में सक्रिय रहीं। रेवांचल में मुक्ति आंदोलन की सूत्रधार बनी रानी अवंति बाई, प्रथम महिला शहीद वीरांगना थी। उन्होंने अंग्रेजों से निरंतर संघर्ष किया। उनके साहस के आगे अंग्रेजों को झुकना पड़ा। मंडला और रामगढ़ राज्य स्वतंत्र हो गया। अंग्रेजों ने नागपुर से रामगढ़ की ओर सेनाएँ भेजी। अंग्रेजों की सेना के मुकाबले रानी अवंति बाई की सेना काफी छोटी थी। अंग्रेज सेना ने मोर्चे पर डटी रानी अवंति बाई को चारों ओर से घेर लिया। विवश रानी ने सीने में कटार भोंक कर जीवन त्याग दिया। उन्होंने अंग्रेजों के हाथों से मरने की जगह सम्मानजनक विकल्प चुना। रानी अवंति बाई ने अपनी प्रजा की रक्षा के लिए बलिदान कर स्वतंत्रता प्राप्ति की ज्वाला को प्रज्ज्वलित करने का कार्य किया। केन्द्र सरकार ने 20 मार्च 1988 को वीरांगना रानी अवंति बाई के स्मरण में डाक टिकट भी जारी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *