गोवा में प्रमोद सावंत की ताजपोशी लगभग तय, 24 मार्च को ले सकते हैं शपथ

पणजी
भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रमोद सावंत को एक बार फिर गोवा की गद्दी मिल सकती है। माना जा रहा है सावंत को प्रादेशिक चुनाव में कांटे की टक्कर के बाद जीत का तोहफा मिल सकता है। हिन्दुस्तान टाइम्स को भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रमोद सावंत आगामी 24 मार्च को गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार को निर्धारित की गई है।

गोवा के कार्यवाहक सीएम प्रमोद सावंत ने हालांकि यह खुलकर नहीं बताया कि वे ही सूबे के अगले मुख्यमंत्री होंगे। लेकिन इतना जरूर कहा कि वो कल दिल्ली गए थे, भाजपा के पर्यवेक्षक कल (सोमवार) को यहां विधायक दल की बैठक के लिए आएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बारे में भी फैसला कल शाम को लिया जाएगा।

खबरों की मानें तो एक दिन पहले सावंत ने अपनी पार्टी के सहयोगी विश्वजीत राणे के साथ नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना है कि राणे ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि राणे ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "बैठक गोवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर थी।" कार्यवाहक मुख्यमंत्री सावंत, राणे और शाह के बीच बैठक गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 20 सीटें जीतने के कुछ दिनों बाद हुई है। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायक भाजपा के साथ प्रदेश की सरकार बनाने को सहमत हुए हैं। गौरतलब है कि गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 33.3% वोट शेयर के साथ जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस ने 23.46% वोट हासिल किया, जो राज्य में 2017 की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *