आंध्र प्रदेश: गुंटूर में BJP ने फिर उठाई ‘जिन्ना टॉवर’ का नाम बदलने की मांग, CM रेड्डी पर भी लगे आरोप

 कडप्पा

आंध्र प्रदेश के गुंटूर स्थित 'जिन्ना टॉवर' का नाम बदलने की मांग एक बार फिर उठी है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई का कहना है कि टॉवर का नाम पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर रखा जा सकता है। टावर के नामकरण को लेकर पार्टी ने राज्य के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर भी वोट बैंक की राजनीति करने के आरोप लगाए। बीते साल दिसंबर में भी प्रदेश भाजपा ने टॉवर का नाम बदलने की मांग की थी।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कडप्पा के रणभेरी में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के आंध्र प्रदेश सह प्रभारी सुनील देवधर ने कहा, 'गुंटूर में एक टॉवर जिन्ना के नाम पर है। वे अखंड भारत के विभाजन के दौरान लाखों हिंदुओं की हत्या और पाकिस्तान में हिंदुओं के उत्पीड़न के जिम्मेदार हैं। भाजपा मांग करती है कि गुंटूर में टॉवर से मोहम्मद अली जिन्ना का नाम हटना चाहिए।'

देवधर ने राज्य के मुख्यमंत्री को लेकर कहा कि वोट बैंक खोने के डर से टॉवर का नाम नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा, 'भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा मुसलमानों या इस्लाम के नहीं, कट्टरपंथ और तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ है। टॉवर का नाम बदलकर एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर रखा जा सकता है, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें वोट नहीं मिलेंगे।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *