PM के क्षेत्र में BJP से कौन लड़ेगा MLC चुनाव? पूर्वांचल की 3 सीटों पर अब भी सस्पेंस
वाराणसी
वाराणसी समेत पूर्वांचल की छह एमएलसी सीटों में से सिर्फ तीन सीटों पर भाजपा ने शनिवार को अपने प्रत्याशी उतारे। आजमगढ़ से निवर्तमान विधायक अरुण कुमार यादव को मैदान में उतारा है। वहीं बलिया से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह पप्पू और गाजीपुर से विशाल सिंह चंचल को प्रत्याशी बनाया है। उधर वाराणसी, मिर्जापुर और जौनपुर सीट से अभी तक किसी प्रत्याशी की भाजपा ने घोषणा नहीं की है। इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। सबकी निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की सीट पर टिकी है। लोग जानना चाहते हैं कि इस सीट से पार्टी किसे अपना उम्मीदवार बनाएगी।
गाजीपुर एमएलसी सीट से विशाल सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। 2016 में निर्दल प्रत्याशी के रूप में गाजीपुर सीट से एमएलसी निर्वाचित हुए थे। बाद में विशाल सिंह चंचल भाजपा में शामिल हो गए। 40 साल के विशाल सिंह चंचल परा स्नातक हैं। मूल रूप से कारोबार से जुड़े विशाल दूसरी बार एमएलसी का चुनाव लड़ रहे हैं।
आजमगढ़-मऊ क्षेत्र से एमएलसी पद के प्रत्याशी के रुप में फूलपुर पवई क्षेत्र से निवर्तमान विधायक अरुण कुमार यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। अरुण फूलपुर पवई से नवनिर्वाचित बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के बेटे हैं। दीदारगंज क्षेत्र के सरावां गांव निवासी अरुण कुमार यादव ग्रेजुएट हैं। वह साल 2005 में पहले बार बसपा से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए थे। साल 2007 में पहली बार सपा से फूलपुर से विधायक चुने गए। साल 2012 में भाजपा के टिकट पर अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर विधान सभा सीट से चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। साल 2017 में भाजपा के टिकट पर फूलपुर पवई क्षेत्र से विधायक बने। भाजपा की ओर से टिकट मिलने के बाद अरुण कुमार यादव ने कहा कि मेरे पिता मेरे लिए प्रचार करेंगे या नहीं, मैं नहीं जानता।
