रूस की तरह हमले की फिराक में चीन? 2 चीनी फाइटर जेट और बमवर्षक विमान ताइवान में घुसे

 ताइपे।
चीन लगातार ताइवान पर हमले की फिराक में रहता है। शनिवार को दो लड़ाकू जेट के साथ ही दो बमवर्षक जहाज ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (एडीआईजेड) में प्रवेश कर गए थे। ताइवान समाचार की एक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। देश के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शेनयांग जे-11 और शेनयांग जे-16 लड़ाकू जेट के साथ-साथ दो शीआन एच-6 बमवर्षक ताइवान के एडीआईजेड में प्रवेश कर गए थे। चीन के इस प्रयास को ताइवान की वायु सेना और वायु रक्षा संगठन को समाप्त करने की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। साथ ही इस बात की भी संभावना जताई गई है कि ड्रैगन की यह कोशिश ताइवान द्वारा मिसाइल परीक्षणों के बारे में जानकारी हासिल करने की भी हो सकती है। शुक्रवार को चीन का शेडोंग विमानवाहक पोत भी ताइवान जलडमरूमध्य से होकर रवाना हुआ, हालांकि बीजिंग ने यात्रा को नियमित अभ्यास बताया।
 

इस बीच, दो शेनयांग J-11 लड़ाकू जेट और एक हार्बिन Z-9 पनडुब्बी रोधी हेलीकॉप्टर शुक्रवार को ताइवान के वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश कर गए। राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ताइवान के वायु सेना के जेट विमानों ने रेडियो चेतावनी जारी करते हुए चीनी विमानों को तुरंत वापस जाने के लिए कहा था। सेना ने यह भी कहा कि उसने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी वायु सेना के जेट और हेलीकॉप्टरों की गतिविधियों की निगरानी के लिए वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली तैनात की है। बीजिंग ताइवान पर पूर्ण संप्रभुता का दावा करता है। आपको बता दें कि चीन के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित ताइवान की जनसंख्या करीब 2.4 करोड़ है। दोनों पक्ष सात दशकों से अधिक समय से अलग-अलग शासित हैं। ताइपे ने अमेरिका सहित लोकतंत्रों के साथ रणनीतिक संबंध बढ़ाकर चीनी आक्रामकता का मुकाबला किया है, जिसका बीजिंग द्वारा बार-बार विरोध किया गया है। चीन ने धमकी दी है कि "ताइवान की आजादी" का मतलब युद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *