‘द कश्मीर फाइल्स’ का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा, दंगल को चटाई धूल
मुंबई। कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार और पलायन पर बनी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। यही वजह है कि बॉक्सऑफिस पर फिल्म की कमाई एक हफ्ते बाद भी बढ़ती ही जा रही है। फिल्म ने 7 दिनों में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन होली के मौके पर जबर्दस्त कमाई की। होली के चलते लोग वक्त निकाल थिएटर की ओर गए और फिल्म ने इस दिन 19.15 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। बता दें कि द कश्मीर फाइल्स की ये अब तक की सबसे बड़ी कमाई है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के ट्वीट के मुताबिक, फिल्म ने होली वाले दिन 19 करोड़ से ज्यादा रकम जुटाई। अनुमान है कि दूसरे हफ्ते में फिल्म आसानी से 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। इसके साथ ही फिल्म ने 8वें दिन की कमाई से तुलना करें तो आमिर खान की दंगल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दंगल ने आठवें दिन 18.59 करोड़ रुपए जुटाए थे। वहीं बाहुबली थोड़ी ज्यादा यानी 19.75 करोड़ कमा पाई थी।
बता दें, द कश्मीर फाइल्स ने 8 दिनों में 116.45 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। फिल्म के डे-वाइज आंकड़ों पर गौर करें तो रिलीज वाले दिन यानी 11 मार्च को 3.55 करोड़, शनिवार को 8.50 करोड़, रविवार को 15.10 करोड़, सोमवार को 15.05 करोड़ और मंगलवार को 18 करोड़ और बुधवार को 19.05 करोड़, गुरुवार को 18.05 करोड़ और शुक्रवार को 19.15 करोड़ रुपए कमाए। इस तरह फिल्म की कुल कमाई 116.45 करोड़ रुपए पहुंच गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, द कश्मीर फाइल्स का बजट महज 12 करोड़ रुपए है। लेकिन फिल्म ने सिर्फ 8 दिनों में ही अपने बजट से करीब 10 गुना कमाई करते हुए 116 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं। फिल्म में अनुपम खेर के अलावा मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, पुनीत इस्सर, मृणाल कुलकर्णी समेत कई कलाकार लीड रोल में हैं। 'द कश्मीर फाइल्स' में कश्मीरी पंडितों की उस वक्त की कहानी को दिखाया गया है जब 90 के दशक में उन्हें अपने ही राज्य से निकाल दिया गया था। फिल्म को अभिषेक अग्रवाल ने प्रोड्यूस किया है।
