रूस के हमले के बीच अब जर्मनी से जेलेंस्की ने की भावुक अपील
बर्लिन
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने 17 मार्च को जर्मनी की संसद को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में अपील करते हुए कहा कि यूरोप में रूस एक नई 'दीवार' खड़ा कर रहा है, उसे गिराने की जरूरत है। उन्होंने जर्मन सांसदों से कहा कि यह बर्लिन की दीवार नहीं है। यह आजादी और बंधन के बीच मध्य यूरोप में एक दीवार है और यह दीवार हर बम के साथ बड़ी होती जा रही है। उन्होंने जर्मन सांसदों से कहा कि रूस आजादी के खिलाफ नई दीवार बना रहा है।
'दीवार को तोड़े जाने की जरूरत'
जेलेंस्की ने जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज को संबोधित करते हुए एकजुटता की अपील की। उन्होंने कहा कि नफरत की इस दीवार को तोड़े जाने की जरूरत है। उन्होंने यूरोप को विभाजित करने वाली नई दीवार नहीं खड़ी करने की जर्मनी से अपील करते हुए यूक्रेन के लिए यूरोपियन यूनियन की सदस्यता का समर्थन करने का अनुरोध किया।
'रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने से बच रहा है जर्मनी'
जेलेंस्की ने रूस से प्राकृतिक गैस लाने को लेकर नोर्ड स्ट्रीम-2 पाइपलाइन के लिए जर्मन सरकार के समर्थन की आलोचना की। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि जर्मनी रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने से बच रहा है क्योंकि उसे आशंका है कि इससे उसकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है। जर्मन संसद में वलोडिमिर जेलेंस्की के भाषण की दुनिया भर में तारीफ की जा रही है। जर्मन सांसदों ने जेलेंस्की को स्टैंडिंग ओवेशन के साथ स्वागत किया। सांसद उनके भाषण के दौरान लगातार मेज थपथपाते रहे।
