मोदी-शाह ने 8 साल में किसी बंगाली को कैबिनेट मंत्री क्यों नहीं बनाया? बाबुल सुप्रियो का सवाल

नई दिल्ली

बंगाली अस्मिता के मुद्दे को हवा देने का प्रयास करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने सोमवार को केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। सुप्रियो ने पूछा कि केंद्र में आठ साल से भाजपा की सरकार होने के बाद भी किसी बंगाली को केंद्रीय कैबिनेट में शामिल क्यों नहीं किया गया। सुप्रियो ने कहा, "पिछले आठ साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ऐसा कभी नहीं लगा कि किसी बंगाली को कैबिनेट मंत्री बनाया जाए। क्या उन्हें लगता है कि बंगाली लोग कैबिनेट मंत्री बनने योग्य नहीं हैं?" तृणमूल की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बाबुल सुप्रियो को बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव का प्रत्याशी घोषित किया है। बाबुल सुप्रियो ने कहा कि उत्तर भारत की पार्टियों ने हमेशा बंगालियों को नजरअंदाज किया है। मैं ममता बनर्जी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे लोगों की सेवा करने का अवसर दिया।

सुप्रियो बोले- मैंने भाजपा छोड़ दी क्योंकि..
सुप्रियो ने कहा, "पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह कभी नहीं महसूस किया कि एक बंगाली को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। क्या उन्हें लगता है कि एक बंगाली कैबिनेट मंत्री बनने के लायक नहीं है? उत्तर भारत की पार्टियों ने हमेशा बंगाली की उपेक्षा की है। मैंने भाजपा छोड़ दी क्योंकि मुझे केंद्रीय मंत्री के पद से हटा दिया गया था।"

आसनसोल से शत्रुघ्न सिन्हा को नामित करने पर सवाल
दो बार के भाजपा सांसद रहे सुप्रियो पिछले साल केंद्रीय मंत्रालय में फेरबदल के बाद मंत्री पद से हटाए दिए गए थे। इसके कुछ ही महीने बाद वह तृणमूल में शामिल हो गए। आसनसोल सीट के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को नामित करने पर तृणमूल के 'अंदरूनी-बाहरी' चुनावी मुद्दे में विरोधाभासों पर उनसे सवाल किया गया। इस पर सुप्रियो ने कहा कि ऐसा कोई नहीं है क्योंकि वह एक फेमस एक्टर हैं और देश भर में एक जाना-पहचाना नाम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *