मार्क वुड हुए चोटिल, इंग्लैंड की बढ़ी मुश्किलें

 नई दिल्ली

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच तीन मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन इंग्लिश टीम के तेज गेंदबाज मार्क वुड चोट के चलते मैदान से बाहर चले गए और पूरा दिन फील्ड पर दिखाई नहीं दिए। वुड कोहनी की चोट के चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे दिन अधिक ओवर नहीं डाल सके जिससे अन्य गेंदबाजों पर भार बढ़ गया। वुड ने अभी तक डाले कुल 17 ओवर में 45 रन खर्च कर मेजबान टीम के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट का विकेट लिया है।

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने अभी यह साफ नहीं किया है कि वुड की यह चोट कितनी गंभीर है। मार्क वुड ने तीसरे दिन लंच से पहले पुरानी गेंद से चार ओवर गेंदबाजी की और फिर नई गेंद से उन्होंने एक ओवर डाला। गेंदबाजी में वह चोट के चलते पुरा एफर्ट नहीं डाल पा रहे थे। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दूसरे दिन उनकी बॉलिंग स्पीड 89mph की थी जबकि तीसरे दिन वह 85mph की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे।

वुड के चोटिल होने की वजह से वेस्टइंडीज की पहली पारी में जैक लीच ने सबसे अधिक 43 ओवर फेंके, वहीं क्रिग ओवरटर्न ने 32, क्रिस वोक्स ने 30 और बेन स्टोक्स ने 28 ओवर गेंदबाजी की।
 

बात मुकाबले की करें तो तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक विंडीज ने इंग्लैंड पर 62 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। मेजबानों के लिए नक्रमाह बोनेर ने 123 रनों की शतकीय पारी खेली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 9 विकेट के नुकसान पर 373 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड के लिए क्रिग ओवरटर्न और बेन स्टोक्स को 2-2 विकेट मिले। इंग्लैंड पहली पारी में 311 रनों पर सिमट गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *