विधानसभा बजट सत्र: पशुओं की मौत पर हंगामा, भगवा साफे में पहुंचे गृह मंत्री

भोपाल
भाजपा के विधायक सूबेदार सिंह रजौदा के ध्यानाकार्षण पर मंत्री के आए जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। सूबेदार सिंह ने अपने ध्यानाकार्षण के जरिए बताया था कि मुरैना में गाय, भैंस की मौत हो रही है, उनकी मृत्यु के कारण डॉक्टर समझ नहीं पा रहे हैं। इन पशुओं के कई लोगों का घर चलता है, ऐसे में इनकी मौत पर मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। इस पर मंत्री गोविंद राजपूत ने कहा कि यहां पर हुई मौतों के बाद जबलपुर और भोपाल से पशु चिकित्सकों की टीम भेजी थी। टीम ने पशुओं की जांच की और पोस्ट मार्टम भी किया। जिसमें इनकी मौत बीमारी के कारण होना पाया गया। जबकि आपदा से यदि मौत होती है तो उस पर उनके मालिकों को मुआवजा दिया जाता है। इसलिए इन पशुओं की मौत पर मुआवजा नहीं दिया गया। हालांकि उन्होंने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे।

मंत्री के इस जवाब से कांग्रेस विधायक संतुष्ट नहीं हुए और सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में गौ माताओं की मौतें हो रही है। यह पूरे प्रदेश का मामला है। इसके बाद कांग्रेस विधायक लाखन सिंह, विजयलक्ष्मी साधौ, कमलेश्वर पटेल खड़े हो गए इसके साथ ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद कांग्रेस ने सदन से वाकआउट कर दिया।

चार राज्यों में भाजपा की जीत महाविजय
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में हुई भाजपा की जीत को महाविजय बताया है। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से यह साफ हो गया है कि देश में अब तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी। आतंक और गुंडागर्दी करने वालों का राजनीति में कोई स्थान नहीं रहेगा। यह बात उन्होंने विधानसभा में मीडिया से चर्चा के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास की विजय है। जनता प्रधानमंत्री  को श्रद्धा और भक्ति के भाव से देखती है। पीएम ने देश का विकास, गरीब कल्याण की योजनाएं और समाज के हर वर्ग का कल्याण की योजनाएं चलाई है। इनमें हमारे देश की मां-बहनों के हित की योजनाएं सर्वोपरि है। जो काम किये है वे अदभुत हैं।

भगवा साफे में पहुंचे गृह मंत्री
संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा आज विधानसभा में चुनावी रंग में रंगे हुए दिखाई दिए। वे भगवा रंग का साफा पहनकर आए थे। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास हो रहा है। कांग्रेस-सपा का वनवास हो रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *