कानपुर में मतगणना में व्यवस्था में गड़बड़ी करने पर Shoot At Sight के आदेश

कानपुर

10 मार्च को पांच राज्यों के चुनावों की मतगणना है और इस अहम दिन पर कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस ने भी अपनी कमर कस रखी है. लेकिन उत्तर प्रदेश की कानपुर देहात पुलिस ने एक अनोखा आदेश देकर सबको चौंका दिया है. कानपुर देहात के एसपी ने गड़बड़ी किए जाने पर Shoot At Sight यानी देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए हैं. 

10 मार्च की सभी तैयारी पूरी

उत्तर प्रदेश में 7 चरणों की वोटिंग के बाद, राज्य के सभी जिलाधिकारियों ने 10 मार्च को होने वाली मतगणना को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है. कानपुर देहात के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने  प्रेस कॉन्फ्रेंस की. जिसमें उन्होंने 10 मार्च को होने वाली मतगणना की तैयारियों की जानकारी दी.

Shoot At Sight के आदेश

कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी के साथ एसपी स्वप्रिल ममगईं भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों और मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी या भ्रामक खबरें फैलाने वालों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए जाएंगे. 

उत्तर प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है कि विधानसभा चुनाव में इस तरह का आदेश दिया गया हो. मतगणना प्रक्रिया का उल्लंघन करने वालों को मौके पर ही गोली मारने के आदेश अपने आप में चौंका देने वाली बात है. 

2017 की तुलना में इस बार कम हुईं हिंसक घटनाएं

उत्तर प्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, साल 2017 की तुलना में इस बार हुए चुनाव में हिंसक घटनाएं कम हुई हैं. 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान कुल 97 चुनावी हिंसा की घटनाएं हुई थीं. जबकि इस बारकुल 33 घटनाएं सामने आई हैं. पुलिस के मुताबिक, 9 जनवरी को आचार संहिता लागू होने के बाद प्रदेश भर में 1339 FIR दर्ज की गईं, सबसे ज़्यादा 261 एफआईआर लखनऊ जोन में दर्ज हुईं. साथ ही, कानपुर से ही सबसे ज़्यादा नगदी पकड़ी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *