लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राजधानी पहुंचे
भोपाल
विधानसभा सत्र के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले मंत्री, विधायकों सहित अधिकारियों-कर्मचारियों को संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित करने की परंपरा 14 साल बाद फिर शुरू हो रही है। आज विधानसभा संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह-2021 आयोजित कर रही है। इसमें शिरकत करनेे के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला आज सुबह भोपाल पहुंचे। राजा भोज विमान तल पर मप्र विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम, संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनका भावभीना स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के कुछ वरिष्ठ विधायक भी मौजूद थे। लोकसभा अध्यक्ष आज विधानसभा में आयोजित इस समारोह में चयनित लोगों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
संसदीय पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों का भी होगा सम्मान
समारोह में सर्वश्रेष्ठ मंत्री, सर्वश्रेष्ठ विधायक और संसदीय पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों सहित विधानसभा सचिवालय के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा। 'विधायक पुरस्कार" प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा और 'मंत्री पुरस्कार" प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रविशंकर शुक्ल की स्मृति में दिया जाता है। वहीं मीडिया के लिए दो पुरस्कार हैं। संसदीय पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट) प्रदेश की पहली महिला नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी और संसदीय पत्रकारिता पुरस्कार (इलेक्ट्रानिक) वरिष्ठ पत्रकार माणिकचंद वाजपेयी की स्मृति में दिया जाएगा।
