पूर्वांचल के धुरंधर कांटे की टक्कर में फंसे, ओमप्रकाश राजभर की सीट पर हुई दिलचस्प लड़ाई
वाराणसी
वाराणसी समेत पूर्वांचल की वीआईपी सीटों पर सोमवार को दिनभर लोगों की टकटकी लगी रही। सियासी दल जीत-हार का आकलन भी लगाते रहे। सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव जैसे धुरंधरों का भाग्य ईवीएम में कैद हो चुका है।
वाराणसी शहर दक्षिणी में भाजपा प्रत्याशी प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी हैं तो सपा से ब्राह्मण चेहरा कामेश्वर दीक्षित उर्फ किशन दीक्षित के बीच लड़ाई दिख रही है। वहीं शहर उत्तरी में भी ऐसे ही हालात दिख रहे हैं। भाजपा से प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और सपा से अशफाक अहमद डब्ल्यू हैं। जानकारों की मानें तो यहां भी यहां भी सपा और भाजपा की लड़ाई है। इधर, शिवपुर सीट पर सुभासपा प्रत्याशी और ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर और कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के भाग्य का फैसला होना है। पिंडरा में भाजपा प्रत्याशी विधायक डॉ अवधेश सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री अजय राय के बीच मुकाबला बताया जा रहा है।
गाजीपुर में दिलचस्प लड़ाई
गाजीपुर के जहूराबाद में लड़ाई दिलचस्प बताई जा रही है। सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर और भाजपा के कालीचरण राजभर के साथ ही बसपा की शादाब फातिमा में जंग है। जमानियां में पूर्वमंत्री ओमप्रकाश सिंह को लेकर भी निगाहें टिकी हैं।
