मंत्रालय से सड़क तक स्त्री शक्ति का सम्मान, राजदंड और ट्रैफिक तक सब महिलाओं के हाथ

भोपाल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले और विधानसभा की कार्यवाही के दौरान महिला कर्मचारियों व अधिकारियों ने व्यवस्था का जिम्मा संभाला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इंदौर रवाना होने के पहले उनके सुरक्षा घेरे में महिला पुलिस अफसरों और कर्मचारियों का बोलबाला रहा। सीएम चौहान ने एडीजी (महिला अपराध) प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव एवं उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी उठा रहीं मध्यप्रदेश पुलिस की बेटियों के साथ स्मार्ट पार्क में मौलश्री का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि बिना महिला सशक्तिकरण के कोई राष्ट्र सबल नहीं हो सकता।

सदन में महिला मार्शल और बाहर महिला पुलिस ने संभाली कमान
सदन की सुरक्षा व्यवस्था आज महिला मार्शलों के हवाले रही। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को महिला ड्राइवर वाहन में लेकर विधानसभा पहुंचीं। महिला मार्शल ही गर्भगृह में दंड लेकर पहुंची। गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश में महिला कर्मचारियों की संख्या में सात प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह अपने आप में बड़ी बात है। इसके अलावा महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा का जिम्मा संभाला है। यह महिला दिवस पर उनके सम्मान को प्रदर्शित करता है।

संगीत की देवी अपने धाम चली गई: नरोत्तम
सदन में आज सुप्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर सहित पूर्व विधायक लक्ष्मीनारायण गुप्त, रमेश वर्ल्यानी, मदन सिंह डहरिया और पूर्व सांसद तिलक सिंह को श्रद्धांजलि दी। निधन के उल्लेख के बाद सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई।

संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने लता मंगेशकर के निधन को अपूर्णीय क्षति बताए हुए कहा कि संगीत की देवी अपने धाम चली गई। प्रदेश सरकार ने उनके नाम से वर्ष 1984-85 में पुरस्कार शुरू किया था। वहीं नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने कहा कि करीब 12 साल पहले मैंने उन्हें छिंदवाड़ा में कार्यक्रम करने का कहा था, वे यह सुन चुप हो गई थी, शायद वे छिंदवाड़ा के बारे में नहीं जानती थी। इससे पहले नरोत्तम मिश्रा ने लक्ष्मीनारायण गुप्त को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि चंबल अंचल के आने के बाद भी उनकी रग-रग में विनम्रता और सादगी थी। वे मध्य प्रदेश विधानसभा के पहले सदस्य थे। पांच बार वे विधानसभा के सदस्य रहे। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल आकर लक्ष्मीनारायण गुप्त का आशीर्वाद लिया था। मिश्रा ने कहा कि रमेश वर्ल्यानी अविभाजित मध्य प्रदेश के रायपुर से विधानसभा सदस्य रहे हैं। वे मीसाबंदी भी रहे हैं। मिश्रा ने मदन सिंह डेहरिया और तिलक सिंह को भी याद किया। वहीं कमलनाथ ने कहा कि तिलक सिंह लोक सेवक थे, वे गरीबों की मदद के लिए सबसे आगे रहते थे। मेरे सलाहकारों में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *