शेन वॉर्न को याद कर बार-बार रो पड़ रहे हैं रिकी पोंटिंग

 दुबई

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को शेन वॉर्न से इतना प्यार है कि पिछले कुछ दिनों में दिवंगत स्पिनर की आवाज सुनने के बाद वह टीवी बंद कर देते हैं, क्योंकि वह अभी भी यह नहीं मानते कि उनके साथी खिलाड़ी अब नहीं रहे। वॉर्न को इमोशनल विदाई देते हुए पोंटिंग ने कहा कि वह अभी भी अपने करीबी दोस्त की अप्रत्याशित मौत के दुख से उबर नहीं पा रहे हैं।

उन्होंने आईसीसी रिव्यू पर इशा गुहा से कहा, 'जब भी उसके बारे में बोलना होता है या अपने साथ सफर के अनुभव बताने होते हैं तो मेरे पास शब्द नहीं रहते।' उन्होंने कहा, 'आज भी जब मैं टीवी पर श्रृद्धांजलि देखता हूं और उनकी आवाज सुनता हूं तो टीवी बंद कर देता हूं।' पोंटिंग ने कहा, 'पिछले कुछ दिन कठिन रहे हैं लेकिन इससे जागरूकता मिली है कि किन बातों पर और ध्यान देने की जरूरत है । हम सभी के लिए यह सीख है।'

पोंटिंग और वॉर्न मेलबर्न में एक ही इलाके में रहते थे और कभी कभार साथ में गोल्फ खेलते थे। पोंटिंग ने कहा कि एक बात वह वॉर्न को कभी नहीं बता सके। उन्होंने आंसू पोंछते हुए कहा, 'मैं उससे यह नहीं कह सका कि उससे कितना प्यार करता हूं । काश कहा होता।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *