प्रदेश में तेज औद्योगिकीकरण के लिये विकसित हो रहा ईको सिस्टम  – मंत्री सखलेचा

भोपाल 

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा है कि विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए जरूरी है कि उत्पाद गुणवत्ता, आज की जरूरत और नई तकनीक अनुरूप  तैयार हो। उत्पादों की लागत में कमी पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। राज्य शासन तकनीकी और अन्य जरूरी सुविधाएँ देने के लिए हमेशा तत्पर है।

मंत्री सखलेचा शनिवार को इंदौर में फर्नीचर मेन्युफैक्चर्स एवं इंदौर टॉयज मेन्युफैक्चर्स एसोसिएशन द्वारा क्लस्टर विकास, प्रगति एवं प्रयास विषय पर  परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। सांसद शंकर लालवानी विशेष रूप से मौजूद थे। मंत्री  सखलेचा ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिये अनुकूल वातावरण हैं। प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिये इको सिस्टम विकसित किया जा रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों का आव्हान किया कि वे आगे आकर प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र में निवेश करें। राज्य सरकार द्वारा उन्हें हर जरूरी सुविधाएँ मुहैया करायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को ऐसी व्यवस्था दी जा रही है, जिससे कि उन्हें एक ही जगह सभी सुविधाएँ और सेवाएँ प्राप्त हों। । 

  सांसद शंकर लालवानी ने    कहा कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा तेजी से औद्योगिक विकास किया जा रहा है। प्रदेश में स्टार्ट-अप को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। स्टार्ट-अप नीति भी तैयार हो गई है। इंदौर को स्टार्ट-अप की राजधानी बनाने की दिशा में तेजी से प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्लस्टर्स विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इंदौर के समीप लॉजिस्टिक हब एवं लॉजिस्टिक कार्गो बनाया जा रहा है। इंडस्ट्रीज कॉरिडोर भी बनेगा। अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की दिशा में भी कार्यवाही जारी है। उन्होंने कहा कि इंदौर में औद्योगिक विकास के सभी आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएँ उपलब्ध है।

 मध्यप्रदेश औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार डाफ़रिया, मध्यप्रदेश लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष महेश गुप्ता, फर्नीचर क्लस्टर के विनोद बाफना, टॉयज क्लस्टर के प्रेम रामचंदानी सहित अन्य उद्यमियों ने संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *