राजधानी में पूर्व विधायकों का सम्मेलन आयोजित,वर्तमान विधायकों जैसी यात्रा सुविधाएं पूर्व विधायकों को
भोपाल
मध्य प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को पूर्व विधायकों का सम्मेलन आयोजित किया गया है। इसमें भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सहित अन्य पार्टियों के पूर्व विधायक शामिल हुए हैं। यह पहला मौका है जब विधानसभा पूर्व विधायकों का सम्मेलन आयोजित कर रही है।पूर्व विधायक बृजेंद्र सिंह सिसौदिया ने कहा- पहली बार किसी अध्यक्ष ने सम्मान किया, पहले तो चाय तक नहीं पूछी। पूर्व विधायक जसवंत सिंह ने कहा कैबिनेट और राज्यमंत्री की तरह नहीं तो संसदीय सचिव जैसी सुविधाएं तो दें। ताकि आप हम विधायक का स्टेटस मैंटेन कर सकें।
पांचवीं विधानसभा के सदस्य रामकुमार भारती, सुधा जैन, मधुकर भी बैठक में मौजूद रहे। अध्यक्ष ने कहा- पांचवीं विधानसभा के समय पहले फेस टू फेस का वातावरण था आज फेसबुक का जमाना है। वो जमाना आज के जमाने से बेहतर था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने आपकी बात रखेंगे, छह दिन आप हमारे मेहमान बनकर रहिए। विधानसभा विश्राम गृह में 25 कक्ष पूर्व विधायकों के लिए आरक्षित रहेंगे, उन्हें पूरी सुविधा दी जाएगी। कक्षों का जीर्णोद्धार भी कराएंगे। पूर्व विधायकों की कोई समस्या हो तो मैं जिम्मेदार हूं, मुझे बताइये। छुट्टी के दिन भी आरक्षण काउंटर खुला रहेगा। ट्रेन के टिकट मिलेंगे, जिन पूर्व विधायकों को चलने फिरने में दिक्कत होती है उन्हें घर तक टिकट पहुंचाकर देंगे। वर्तमान विधायकों जैसी यात्रा सुविधाएं पूर्व विधायकों को दी जाएंगी।
