जबलपुर मंडल के आठ रेलवे स्टेशन में फिर क्लाक रूम की सुविधा शुरू
जबलपुर
रेलवे ने स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्री को क्लाक रूम की सुविधा फिर से दे दी है। कोरोना काल के दौरान इन्हें बंद कर दिया गया था, लेकिन संक्रमण के घटते मामलों के बाद रेलवे ने जबलपुर समेत सभी रेलवे स्टेशन पर बंद किए गए क्लाक रूम फिर खोल दिए हैं। इस सुविधा का फायदा अब जबलपुर के साथ मंडल की सीमा में आने वाले आठ प्रमुख स्टेशन के यात्रियों को मिलेगा।
दरअसल इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी करते हुए पश्चिम मध्य रेलवे समेत सभी जोनों को अपनी सीमा में आने वाले रेलवे स्टेशन के क्लाक रूम को खोलने का निर्देश दिया था। इसके बाद जबलपुर रेल मंडल में सभी आठ स्टेशनों को क्लाक रूम खोल दिए हैं।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री विश्व रंजन ने बताया कि कोविड के चलते यात्रियों के सामान रखने के स्टेशन पर बना गए इन क्लॉक रूम को पिछले दो साल से बंद रखा गया है। इस सुविधा को रेलवे ने फिर शुरू कर दिया है। जबलपुर मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर बुकिंग एवं पार्सल कार्यालय में बने रेलवे क्लॉक रूम को फिर से खोल दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मंडल के जबलपुर सहित कटनी, दमोह, सागर, मैहर, सतना, रीवा, नरसिंहपुर, पिपरिया आदि स्टेशनों के मुख्य पार्सल पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे यात्रियों के लगेज को रखने के क्लॉक रूम को फिर शुरू कर दें, जिससे यात्रियों को अपना लगेज रखने की सुविधा मिले।
15 रुपये में 24 घंटे बैग रखने की सुविधा: रेलवे द्वारा प्रमुख स्टेशनों में क्लाक रूम खोले गए हैं। यहां पर 15 रुपये देने पर 24 घंटे बैग रखने की सुविधा दी जाती है। यात्रियों का कहना है कि इस सुविधा के बंद करने से दिक्कत आ रही थी। कई बार 10 से 12 घंटे के लिए स्टेशन पर रूकने के दौरान क्लाक रूम में बैग रखने की सुविधा मिलने से वह अपने दूसरे काम कर लेते थे, लेकिन इसे बंद करने के बाद उन्हें घंटों स्टेशन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब इससे राहत मिलेगी।
