यूक्रेन में फंसी बेटी सुनिधि सिंह की घर वापसी,  रोमानिया बॉर्डर पर 4 दिन करना पड़ा इंतजार

कटनी। रूस और यूक्रेन की जंग के बीच हजारों भारतीय छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसी कटनी की बेटी सुनिधि सिंह को सकुशल वापस लाया गया है। कटनी कन्या महाविद्यालय में लैब टेक्नीशियन हेमलता सिंह की इकलौती बेटी सुनिधि यूक्रेन में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी। वह एमबीबीएस थर्ड ईयर की छात्र हैं।

सुनिधि पिछले चार दिनों से रोमानिया बॉर्डर पहुंचकर वतन वापसी की राह देख रही थीं। उन्हें मंगलवार की देर शाम स्पेशल फ्लाइट से दिल्ली लाया गया था। वे आज सुबह फ्लाइट से जबलपुर पहुंची। सुनिधि के उसके माता पिता उन्हें लेने पहले ही जबलपुर पहुंच गए थे। जिला प्रशासन की टीम के साथ सुनिधि का घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने सुनिधि और उसकी मां से वीडियो कॉल पर बात की। सुनिधि ने सरकार से मिली मदद के लिए शर्मा का आभार जताया। उनके परिजन भी वापसी पर बेहद खुश हैं। वी डी शर्मा ने कहा कि भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूक्रेन में फंसे हर भारतीय को सकुशल वापस लाने के लिए कटिबद्ध है।

इस मौके पर सुनिधि ने यूक्रेन की हालत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के स्थानीय लोग बेहद मददगार हैं, लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। हर आधे-एक घंटे में सायरन बजने लगता है और लोगों को भागकर बंकरों में छिपना पड़ता है। वहां फंसे भारतीय छात्रों को नहीं पता कि अगले पल क्या होने वाला है।

भारत वापसी के बारे में उन्होंने बताया कि वे 20 भारतीय छात्रों के साथ बस से रोमानिया बॉर्डर तक पहुंची। इसमें उन्हें करीब 30 घंटे लगे। करीब 8-9 किलोमीटर पैदल भी चलना पड़ा। इसके बाद चार दिन तक इंतजार करना पड़ा। तब जाकर भारत आने के लिए फ्लाइट में जगह मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *