महाशिवरात्रि 2022: दूध से किया शिव शंकर का अभिषेक, हर-हर महादेव से गूंजे गलियारे

भोपाल
महाशिवरात्रि पर्व पर आज मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने शिवालयों में जाकर दूध, बिल्व पत्र और धतूरे से भगवान शंकर का अभिषेक किया। शहर में कई स्थानों पर शिवजी की बारात निकाली गई।

शहर में हर-हर महादेव की गूंज रही। विदित हो कि कोरोना महामारी के संक्रमण के कारण सरकार ने देश व प्रदेश में विगत लगभग दो वर्ष से सभी सांस्कृति और धार्मिक आयोजनों के सामूहिक अयोजित किए जाने पर प्रतिबंध लगा था, जो हट गया है। शहर के प्रमुख बड़वाले महादेव मंदिर में शिव बारात निकाली गई। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। महा शिवरात्रि के अवसर पर  नीलकंठ महादेव  शिव मंदिर में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। शहर के बिड़ला मंदिर, कोटरा नेहरू नगर, शाहपुरा, भेल क्षेत्र के पशुपतिनाथ मंदर सहित शहर के सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई। 

महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान मुक्तेश्वर महाकाल मंदिर शिवधाम, छोला विश्राम घाट में भी परिणय महोत्सव हो रहा है। इसके अलावा गुफा मंदिर लालघाटी पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। गोविंदपुरा के पशुपतिनाथ मंदिर में महारुद्राभिषेक कर 5000 हजार दीप प्रज्जवलित होंगे। राजधानी के नजदीक स्थित भोजपुर मंदिर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस कारण इस रोड कई बार जाम की स्थिति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *