राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिले पीएम मोदी, रूस-यूक्रेन संकट की दी जानकारी

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ मुलाकात की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति को कई मुद्दों पर जानकारी दी है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में भी राष्ट्रपति को जानकारी दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक की थी और इस दौरान यूक्रेन के हालात पर चर्चा हुई थी। इस बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया कि चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन के पड़ोसी देशों की यात्रा करेंगे। भारतीय मंत्री यूक्रेन में फंसे नागरिकों को यूक्रेन से बाहर निकालने में मदद करेंगे।
 

चार मंत्रियों में हरदीप पुरी हंगरी जाएंगे जबकि वीके सिंह पोलैंड जाएंगे और यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वहां से निकालने में मदद करेंगे। इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोलदोवा में भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने में मदद करेंगे जबकि किरन रिजिजू स्लोवाकिया में भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने में मदद करेंगे। गौर करने वाली बात है कि यह यूक्रेन के पड़ोसी देशों के जरिए भारतीय नागरिकों को बाहर निकालने की कोशिश हो रही है।
 

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरन रिजिजू, वीके सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग बैठक की। मंगलवार की सुबह यूक्रेन में फंसे 182 नागरिकों को लेकर भारत पहुंचा। भारत ऑपरेशन गंगा चला रहा है जिसके तहत यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को भारत लेकर आ रहे हैं। 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था, उसके बाद से ही भारतीयों को वहां से भारत लाने की कोशिश हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *