मुख्यमंत्री चौहान के पौध-रोपण संकल्प का भाग बनेगा जन-समुदाय
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गत वर्ष नर्मदा जयंती-19 फरवरी, 2021 से प्रतिदिन निरंतर पौध-रोपण किया जा रहा है। संकल्प में आम नागरिक, समुदाय, स्वैच्छिक संगठन, विभागों की अधिक से अधिक भागीदारी के लिये राज्य शासन द्वारा एक से 5 मार्च तक पौध-रोपण महा-अभियान चलाया जा रहा है। अभियान से जुड़ने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने पौध-रोपण का विवरण फोटो सहित या मिस कॉल द्वारा देगा।
अभियान के संचालन के लिये सभी जिलों में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला-स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति पौध-रोपण अभियान का सतत समन्वय, अनुश्रवण, मॉनीटरिंग और जन-भागीदारी सुनिश्चित करेगी। प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों के भवनों, सार्वजनिक उपक्रम, औद्योगिक प्रतिष्ठान, निगम मण्डल कार्यालय, स्कूल-कॉलेज, आँगनवाड़ी, छात्रावास, पंचायत आदि के परिसरों में पौध-रोपण किया जा सकता है। इसके अलावा लोग शासकीय एवं वन भूमि पर भी पौध-रोपण कर सकते हैं। अशासकीय संगठन उनके परिसर या योग्य स्थलों पर पौध-रोपण कर सकते हैं।
पौधों की व्यवस्था संस्था या व्यक्ति द्वारा स्वयं की जायेगी। वन, उद्यानिकी, कृषि विभाग की नर्सरी में उपलब्ध पौधों का उपयोग प्रचलित नियमानुसार किया जायेगा। रोपित पौधों की सुरक्षा, सिंचाई एवं देखभाल की जिम्मेदारी पौध-रोपण करने वाले व्यक्ति, संगठन या शासकीय संस्था की होगी।
पौध-रोपण की सूचना
अभियान से जुड़ने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने पौध-रोपण का विवरण फोटो सहित जानकारी राज्य शासन को विभिन्न रूप से उपलब्ध माध्यम से भेज सकेगा। यदि उनके पास स्मार्ट फोन है, तो अंकुर कार्यक्रम के "वायुदूत-अंकुर'' एप को डाउनलोड कर पौध-रोपण के बाद अपना फोटो पौधे के साथ अपलोड कर सकेंगे। इसी तरह MP-CMEVENTS पोर्टल https://webcast.gov.in/mp/cmevents पर भी भेजा जा सकता है।
एप का उपयोग न करने वाले करेंगे मिस कॉल
यदि पौध-रोपण करने वाले व्यक्ति एप या पोर्टल का उपयोग नहीं करना चाहते हैं, तो एक से 5 मार्च, 2022 के मध्य विशेष रूप से स्थापित मिस कॉल सेवा नम्बर 0755-2706666 पर मिस कॉल देकर सूचना दे सकते हैं। सामूहिक रूप से पौध-रोपण करने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी व्यक्ति मिस कॉल कर सकते हैं।
अगर कोई व्यक्ति अपने आँगन में एक भी पौधा स्व-प्रेरणा से लगाता है, तो यह जानकारी उक्त तीनों माध्यम में से किसी एक माध्यम से शासन को दे सकता है।
