मध्य प्रदेश: राजगढ़ में विवाहिता को प्रेमी संग पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने पहुंचकर कराया मुक्त

भोपाल
राजगढ़ जिले में एक विवाहिता और उसके प्रेमी को ससुराल वालों ने जंगल में अकेले पकड़ लिया और उन्हें गांव के एक खेत में एक पेड़ से बांधकर पिटाई की। पुलिस को इसका पता चला तो उन्हें बंधन मुक्त करके विवाहिता के जेठ और एक अन्य के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। बताया जाता है कि जिले के ब्यावरा के समीप स्थित सुठालिया थाना क्षेत्र में एक युवक संतोष लोधी और पिंकी को कुछ लोगों ने अकेले पकड़ लिया था। पिंकी विवाहिता है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की आशंका के चलते उनके ससुराल वालों को संदेह था। जब दोनों अकेले मिले तो उन्होंने दोनों को आगे-पीछे खेत में ही एक पेड़ पर रस्सी से बांध दिया। उनकी पिटाई की। वहां भीड़ भी जुट गई और लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिए। इस बीच किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी और तो सुठालिया थाना की पुलिस वहां पहुंच गई।

पुलिस ने युवक-युवती को मुक्त किया
सुठालिया पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया। दोनों युवक-युवतियों को मुक्त कराया और अपने साथ थाने ले गए। पुलिस ने बताया है कि युवक संतोष की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ गाली-गलौच, मारपीट व जान से मारने की धाराओं के साथ गलत तरीके से रोकने, अपमानित करने के लिए हमला करने का मामला दर्ज किया है।

एसपी ने कहा जेठ घटना में शामिल
एसपी राजगढ़ ने बताया है कि घटना में एक आरोपी विवाहिता का जेठ भी है। वीडियो की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही विवाहित पिंकी की काउंसिलिंग भी कराई जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *