फसल बीमा राशि के नाम पर किसानों को ठगा जा रहा: नाथ

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आरोप लगाया है कि किसानों को फसल बीमा राशि दिए जाने के सरकार के सारे दावे झूठे व हवा-हवाई है। नाथ ने आज जारी बयान में कहा कि किसानों को सरकार खाद, बीज उपलब्ध नहीं करा पा रही है। फसल बीमा की राशि के नाम पर किसानों को ठगा जा रहा है। सरकार ने दो सप्ताह पूर्व प्रदेश में बड़े आयोजन कर 49 लाख किसानों के खातों में फसल बीमा की 7600 करोड़ की राशि डालने का दावा किया था। जबकि सच्चाई यह है कि आज भी हजारों किसानों के खातों में यह राशि नहीं पहुंची है। जिन किसानों के खातों में यह राशि पहुंची है वहां बैंकों ने बिना सहमति के उस राशि को कर्ज में समायोजन कर लिया है।

नाथ के निर्देश पहुंचे आरटीआई प्रकोष्ठ के पास
 कांग्रेस के आरटीआई प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों को जिलों में सरकार की योजनाओं की जानकारी लेने के लिए आरटीआई लगाना होगी। इसके जरिए सामने आने वाली जानकारियों के जरिए हर जिले में सरकार और भाजपा संगठन को घेरना होगा, यदि किसी योजना में भ्रष्टाचार सामने आता है तो उसे भी जनता के बीच में तथ्यों के साथ उजागर करना होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के यह निर्देश आज आरटीआई प्रकोष्ठ की बैठक में प्रकोष्ठ के प्रभारी जेपी धनोपिया ने दिए हैं।

पीसीसी में आज हुई बैठक में बताया गया है कि इस सरकार को तथ्यों के आधार पर हर जिले में घेरा जाए, इसके लिए जरुरी है कि यह प्रकोष्ठ अपनी पूरी ताकत के साथ जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक सक्रिय रहे। हर पदाधिकारी सूचना का अधिकार कानून के तहत विभागों से जानकारी मांगे, योजनाओं में आया पैसा और उसका कितना उपयोग हुआ ये जानें। इसमें यदि बड़ी नजर आती है तो उसे जनता के बीच में प्रचारित किया जाए। यदि बड़े स्तर पर गड़बड़ी है तो उसे प्रदेश स्तर का बनाकर कांग्रेस के बड़े नेता सरकार को घेरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *