एक मार्च से पौधरोपण का महाअभियान, सरकारी विभाग, आमजन, एनजीओ को जोड़ेंगे

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जहां एक ओर पौधरोपण करने का अपना एक साल पूरा कर चुके है वहीं अब पूरे प्रदेश में सरकारी विभागों, नागरिकों, समुदायों और स्वेच्छिक संगठनों के सहयोग से एक मार्च से पांच मार्च तक पौधरोपण के लिए महाअभियान चलाया जाएगा। सर्वाधिक पौधरोपण करने वाले उत्कृष्ट व्यक्ति, संस्था को  पांच मार्च को राज्य, जिला स्तरीय समारोह में पर्यावरण विभाग के द्वारा संचालित समारोह में पर्यावरण विभाग द्वारा संचालित अंकुर कार्यक्रम के अंतर्गत प्राणवायु अवार्ड प्रदान किए जाएंगे।

मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने इसके लिए सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुखसचिव, सचिवों और कलेक्टरों को चिट्ठी लिखकर इस महाअभियान को सफल बनाने का अनुरोध किया है। यह अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ चलाया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक संख्या में लोगोें के जुटने और पौधरोपण की अपील उन्होंने की है। मुख्य सचिव ने कहा है कि पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को जनभागीदारी से एक महा अभियान का रूप दिया जाना है।  इस कड़ी में एक से पांच मार्च के बीच पूरे प्रदेश में पौध रोपण महाअभियान चलाया जाएगा।

हर जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन कलेक्टर की अध्यक्षता में किया जाएगा। इसमें सभी स्टेक होल्डर को शामिल किया जाएगा।  समिति एक से पांच मार्च के बीच पौधरोपण अभियान का सतत समन्वय और मॉनीटरिंग तथा जनभागीदारी सुनिश्चित कराएगी।

निजी संगठन भी जुड़ेंगे अभियान से
जिलों के अशासकीय संगठन, समुदाय आधारित संगठनों और निजी संगठनों को भी इस अभियान में जोड़ते हुए उनके परिसरों और अन्य योग्य स्थलों पर पौधरोपण किया जाएगा। पौधों की व्यवस्थ संबंधित व्यक्ति, संस्था के द्वारा स्वयं भी की जाएगी। वन, उद्यानिकी, कृषि विभाग की नर्सरी में उपलब्ध पौधों का उपयोग प्रचलित नियमानुसार किया जाएगा। रोपित पौधों की सुरक्षा, सिचाई एवं देखभाल की जिम्मेदारी पौधरोपण करने वाले व्यक्ति, संगठन और शासकीय संस्था की होगी। अभियान से जुड़ने वाला प्रत्येक व्यक्ति उसके द्वारा किए गए पौधरोपण का विवरण फोटो सहित स्मार्ट फोन से अंकुर कार्यक्रम के वायुदूत अंकुर एप के जरिए दे सकेगा। इसके अलावा सीएम इवेन्ट पोर्टल पर दे सकेगा। 2706666 पर  मिसकॉल देकर भी इस अभियान से जुड़ा जा सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *