यूक्रेन की जंग में खूंखार चेचेन ‘शिकारियों’ को उतारेंगे पुतिन! गिरा सकते हैं ‘फादर ऑफ ऑल बॉम्ब’

मॉस्को। यूक्रेन पर हमला करने वाले पुतिन जंग जीतने के लिए सभी हदें पार करने को तैयार हैं। अब पुतिन युद्ध के मैदान में एक खूंखार स्पेशल फोर्सेस को उतारने जा रहे हैं जिन्हें 'हंटर्स' के नाम से जाना जाता है। एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि इस दस्ते के हर सैनिक को वरिष्ठ यूक्रेनी अधिकारियों और कुछ सुरक्षा अधिकारियों की तस्वीरें दी जाएंगी, जिनकी मॉस्को 'हत्या' करवाना चाहता है। क्रेमलिन का कहना है कि ये तस्वीरें उनकी हैं जिन्होंने 'अपराध' किए हैं।

द सन की रिपोर्ट के मुताबिक चेचेन स्पेशल फोर्सेस को यूक्रेन के जंगल में ट्रेनिंग लेते हुए देखा गया है। कीव में अपनी संभावित तैनाती से पहले सैनिकों को नमाज पढ़ते हुए देखा गया। रूसी प्रांत चेचन्या रिपब्लिक के नेता और पुतिन के करीबी रमजान कादिरोव कुछ दिनों पहले अपनी सेना से मिलने आए थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि दुश्मन उन्हें अपना टारगेट नंबर-1 मानता है। उन्होंने कहा कि दुश्मन का दूसरा टारगेट उनका परिवार है।

युद्ध के मैदान में उतर सकते हैं 'शिकारी'
चेचेन लड़ाकों को 'हंटर्स' के नाम से जाना जाता है। कथित रूप से इन लड़ाकों को यूक्रेन के राजनेताओं और अधिकारियों को मारने का आदेश दिया गया है। माना जा रहा है कि ये चेचन्या की फेडेरल गार्ड सर्विस की दक्षिणी बटालियन से हैं। गुरुवार को कादिरोव ने सेना के अधिकारियों और पुतिन के अन्य सहयोगियों से मुलाकात की थी। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध लगातार भीषण होता जा रहा है, ऐसे में इस बात की आशंका जताई जा रही है कि यूक्रेन पर जीत हासिल करने के लिए पुतिन अपने सबसे घातक हथियार तो मैदान में उतार सकते हैं।

जेलेंस्की और उनके मंत्रियों की हत्या कर सकती है रूसी सेना
रिपोर्ट में एक अज्ञात पश्चिमी सूत्र के हवाले से कहा गया है, 'मेरा डर है कि अगर रूसी सेना समय रहते अपना मकसद पूरा नहीं कर पाती है तो वे अपनी हिंसा में इजाफा कर सकते हैं। रूसी सैनिक किसी भी कानून या नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। पश्चिमी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर रूसी सेना कीव पर कब्जा कर लेती है तो रूस का विशेष सैन्य बल जेलेंस्की और उनके मंत्रियों की हत्या कर सकते हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए पुतिन की ओर से 'फादर ऑफ ऑल बॉम्ब' के इस्तेमाल का भी खतरा पैदा हो गया है।

पुतिन दे चुके हैं 'फादर ऑफ ऑल बॉम्ब' गिराने की मंजूरी
युद्ध शुरू होने से पहले ब्रिटेन के एक अखबार मिरर ने कुछ रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया था कि पुतिन ने 'फादर ऑफ ऑल बॉम्ब' को गिराने की मंजूरी दे दी है। इस महाविनाशक हथियार को फाइटर जेट से गिराया जा सकता है जो बीच हवा में फट जाता है और उसी तरह से तबाही मचाता है जैसे एक छोटे परमाणु बम को गिराने से होता है। एक्सपर्ट बताते हैं कि इस बम के गिरने से सुपरसोनिक लहर उठती हैं। इस बम के फटने से इतनी ऊर्जा और गर्मी निकलती है कि आसपास मौजूद हर चीज भाप बन जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *