यूक्रेन से बातचीत के रूस के प्रस्ताव को US ने किया खारिज, कहा- बंदूक की नोंक पर नहीं चलेगी कूटनीति

वॉशिंगटन

अमेरिका ने शुक्रवार को यूक्रेन के साथ बातचीत के रूस के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। US का कहना है कि रूस को यूक्रेन से सैनिकों को वापस बुलाकर कूटनीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, "यूक्रेन पर हमला करने के बाद, अब हम रूस को बंदूक की बैरल पर कूटनीति का सुझाव देते हुए देखते हैं। यह वास्तविक कूटनीति नहीं है।"

क्रेमलिन की ओर से कहा गया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में प्रतिनिधिमंडल भेजने को तैयार हैं। इसे लेकर यूक्रेन ने आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वहीं, अमेरिका ने यह भी नोट किया कि बातचीत बेलारूस में होगी, जो कि रूस का करीबी सहयोगी है। बेलारूस ने रूसी सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने के लिए अपने क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति दी है।

'कूटनीति का ढोंग कर रहा रूस'
प्राइस ने कहा कि आक्रमण से पहले से ही मॉस्को केवल 'कूटनीति के ढोंग' में लगा हुआ है। उन्होंने कहा, "हमने और हमारे सहयोगियों ने पहले दिन से ही वास्तविक कूटनीतिक समाधान की बात की है। अगर राष्ट्रपति पुतिन कूटनीति को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें पता है कि वह क्या कर सकते हैं।"

'जबरदस्ती की कूटनीति ने नहीं निकलेगा हल'
प्राइस ने कहा, "हम राष्ट्रपति पुतिन को स्पष्ट करना चाहते हैं कि बंदूक की बैरल से जबरदस्ती की कूटनीति कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसमें हम भाग लेंगे। यह ऐसा कुछ नहीं है जो इस संघर्ष को वास्तविक तरीके से समाप्त कर दे।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *