कोलार हाट बाजार: सड़कों पर लग रही सब्जी-फल की दुकानें
भोपाल
गेंहूखेड़ा में 2.5 करोड़ रुपए की लागत से हाट बाजार बना था। कोलार में सब्जी-फल की दुकानें सड़कों पर लग रही 300 से अधिक विक्रेताओं के लिए चबुतरे हैं, लेकिन व्यापारी जाने के लिए तैयार नहीं है। जिस उद्देश्य के लिए गेंहूखेड़ा स्थित 2.5 करोड़ की लागत से हाट बाजार बनाया गया था। वह निगम के जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही के कारण शोपीस बन कर रह गया है। यहां सप्ताह में एक दिन दुकानें लगती है। उस पर भी कुछ ही व्यापारी आकर दुकानें लगाते हैं, बाकी के 6 दिन यह हाट बाजार पूरी तरह खाली रहता है।
उक्त हाट में 300 से अधिक विक्रेताओं के बैठने के लिए चबुतरे बनाए गए हैं, लेकिन हाट में व्यापारी जाने को तैयार नहीं है। इस कारण सर्वधर्म पुल से लेकर बैरागढ़ चीचली तक सड़क के दोनो तरफ अस्थाई दुकानें और ठेले लगे हुए हैं। ज्ञात हो कि ललिता नगर हाट बाजार में घरों के सामने लग रही दुकानों से परेशान लोगों की शिकायत के बाद गेंहखेड़ा में हाट बाजार बनाया गया था। इसके अलावा कोलार रोड को ठेला मुक्त रखने का उद्देश्य भी था। जो पूरा हुआ नहीं आज भी हाट लग रहा है और कोलार रोड पर अनगिनत ठेले खड़े हो रहे हैं।
5 किमी सड़क पर 500 से अधिक दुकानें
5 किलोमीटर लंबी सड़क पर लगभग 500 से अधिक अस्थाई दुकानें और ठेले खड़े हो रहे हैं। इस कारण कोलार रोड पर हर दिन ट्रैफिक जाम होता है। खासतौर पर पीक अवर में सड़क से वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। इसकी मुख्य वजह सड़क पर पसरा अतिक्रमण है। इससे सड़क संकरा हो जाता है और खरीदार सड़क पर वाहन खड़ा करके ट्रैफिक जाम करते हैं।
कमाई का जरिया बने कब्जे
नगर निगम के अमले के लिए सड़कों पर पसरा अतिक्रमण ऊपरी कमाई का जरिया बना हुआ है। यही वजह हैं कि कोलार रोड पर अतिक्रमण का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। पहले जहां 100-200 अस्थाई दुकानें और ठेले खड़े होते थे। वहां आज पांच सौ से अधिक अस्थाई दुकानें और ठेले खड़े हो रहे हैं। अतिक्रमण विरोधी अमले की मेहरबानी के कारण गेंहूखेड़ा हाट बाजार आज भी खाली है।
