समर्पण निधि अभियान: समीक्षा कर रही भाजपा

भोपाल
प्रदेश भाजपा आज समर्पण निधि अभियान में जिलों को दिए गए टारगेट के आधार पर कार्यकर्ताओं और जनता से ली गई सहयोग राशि के काम की समीक्षा कर रही है। इसको लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत समेत अन्य नेताओं की बैठक हो रही है।

इस बैठक के पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान के निवास पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष शर्मा और अन्य पदाधिकारियों को सीएम ने समर्पण निधि के लिए चेक सौंपा। प्रदेश कार्यालय में हो रही बैठक में संभाग और जिला वार समर्पण निधि संग्रहण को लेकर चर्चा हो रही है। जिन जिलों में अब तक कम राशि एकत्र हुई है वहां के पदाधिकारियों को इस काम में तेजी लाने के लिए कहा गया है। बैठक में समर्पण निधि अभियान के लिए बनाई गई 25 सदस्यीय कमेटी के सदस्यों में शामिल मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा समेत अन्य भी पहुंचे हैं।

गौरतलब है कि भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि से 150 करोड़ रुपए की समर्पण निधि एकत्र करने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान के दस दिन बीतने के बाद अब इसकी समीक्षा की जा रही है। जिलों से मिली सूचना के अनुसार समर्पण निधि अभियान की गति धीमी होने के कारण संगठन ने इसका रिव्यू करने का फैसला किया है और इसीलिए जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, सांसद-विधायकों को बुलाकर अब तक की स्थिति की समीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *