यूजर चार्ज मुद्दा पर भाजपा आज घेरेगी नगरीय निकाय मंत्री का बंगला

रायपुर। यूजर चार्ज संपत्ति कर के साथ वसूला जाना आम आदमी से जुड़ा सीधा मुद्दा है और भाजपा इसी नब्ज को पकड़ते हुए विरोध प्रदर्शन पर उतर आया है। भाजपा मुख्यालय में आज जिलाध्यक्ष सुंदरानी ने भाजपा पार्षदों के साथ बैठक ली और तय किया कि कल नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया के बंगले का घेराव करेंगे। जब तक निगम प्रशासन यूजर चार्ज वसूलना बंद नहीं करेगी, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी,नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने जिला पदाधिकारियों, पार्षद, मंडल अध्यक्ष से चर्चा कर आंदोलन की रणनीति बनाई। मंत्री डहरिया के बंगले के घेराव करने के लिए भाजपा पार्षद दल के साथ 16 मंडल अध्यक्ष, सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, संयोजक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता निकलेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि जनता के साथ धोखा करने वाली कांग्रेस सरकार के विरुद्ध अभियान चलाना है। उन्होंने कहा जब सत्ता बहरी हो जाए तो उसके दरवाजे जाकर ढोल पीटना चाहिए। हम जनता से जुड़े हर विषयों को लेकर इस सरकार का विरोध करेंगे। संपत्ति कर हाफ का झूठा वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस ने संपत्ति कर तो हाफ नही किया उल्टा यूजर चार्ज लगाकर जनता के जेब मे सेंधमारी की है। यह प्रदेश की जनता के साथ धोखाधड़ी है।

निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि यदि वादे पूरे करने की क्षमता नही है, तो अपना पद छोड़ दीजिए। उन्होंने कहा आज जनता पर यूजर चार्ज लगाया है। कल कोई और कर के माध्यम से जनता की जेब खाली की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपके प्रबंधन के कारण कर्मचारियों को देने के लिए पैसे तक नही हैं। सारे विकास कार्य स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की मदों से किए जा रहे हैं तो फिर जनता से यह अवैध उगाही क्यो? हम तब तक इसका विरोध करेंगे जब तक इसे समाप्त नही कर दिया जाता। बैठक में भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव,जिला महामंत्री ओंकार बैस, रमेश सिंह ठाकुर, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, मृत्युंजय दुबे,सूर्यकांत राठौर, योगी अग्रवाल,प्रमोद साहू, सुशीला धीवर, विश्वदिनी पांडेय, बजरंग खंडेलवाल, ललित जैसिंघ, आशु चंद्रवंशी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *