यूक्रेन पर हमले की तैयारी में रूस? पुतिन के फैसले पर UNSC की आपात बैठक, अमेरिका सहित इन देशों ने भी किया विरोध

नई दिल्ली।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यूक्रेन के डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्रों को अलग राज्यों के रूप में मान्यता देने के रूस के फैसले पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पुतिन के इस फैसले को क्षेत्रीय अखंडता और यूक्रेन की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, "उन्होंने मिन्स्क समझौतों के अनुसार पूर्वी यूक्रेन में संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया है। जैसा कि सुरक्षा परिषद ने संकल्प 2202 (2015) में समर्थन किया है।"

गुटेरेस ने कहा, "रूसी संघ के निर्णय को यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का उल्लंघन और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के सिद्धांतों के साथ असंगत मानते हैं।" उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से शत्रुता की तत्काल समाप्ति, नागरिकों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने, किसी भी कार्रवाई और बयान को रोकने के लिए अपने प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया है।
 

UNSC की इमरजेंसी बैठक
पुतिन के फैसले के बाद आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक बुलाई गई है। गुटेरेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र, प्रासंगिक महासभा प्रस्तावों के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का पूर्ण समर्थन करता है।

यूरोपीय संघ ने बताया अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
वहीं, यूरोपीय संघ ने यूक्रेन के अलगाववादी क्षेत्रों को मान्यता देने के रूस के कदम को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार देते हुए कहा कि वह इसमें शामिल लोगों पर प्रतिबंध लगाएगा। इसने यूक्रेन की स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *