दिल्ली के सीएम कवि कुमार विश्वास पर तंज कसा
लखनऊ
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री ने आतंकवादी की एक नई किस्म बताते हुए कहा है कि वह ऐसे आतंकी हैं जिससे भ्रष्टाचारी डरते हैं। इस दौरान उन्होंने शोले फिल्म में गब्बर सिंह के मशहूर डायलॉग का भी अपने तरीके से इस्तेमाल किया। चार दिन के मिशन यूपी पर सोमवार को लखनऊ पहुंचे दिल्ली के सीएम ने अपने पुराने सहयोगी और आप के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे कवि कुमार विश्वास पर भी तंज कसा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''आतंकवादी दो तरह के होते हैं, एक वह आतंकवादी होता है जो जनता को डराता है और एक वो आतंकवादी होता है जो भ्रष्टाचारियों को डराता है। केजरीवाल वह आतंकवादी है जो भ्रष्टाचारियों को डराता है। वह शोले फिल्म में डायलॉग है ना जब सौ-सौ मील तक बच्चा भ्रष्टाचार करता है तो मां कहती है बेटा सो जा नहीं तो केजरीवाल आ जाएगा।''
आप के पूर्व नेता कुमार विश्वास की ओर से पंजाब में खालिस्तानी अलगाववादियों से मदद लेने के लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए केजरीवाल ने कहा, '' BJP ने सारी एजेंसियों के छापे पड़वाए लेकिन उनको कुछ नहीं मिला। मेरे पूछने पर उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में कोई कवि है जिसने बताया कि केजरीवाल आतंकवादी है। मोदी जी सारी एजेंसियों हटाइए और उस कवि को रखिए। वह बताएंगे कि कौन आतंकवादी है।''
केजरीवाल ने कहा, ''पहले देश के सारे किसानों का आतंकवादी कहा। और अब सारे गरीब साइकिल चलाने वालों को आतंकवादी कह रहे हैं। जब बटन दबाने जाओ तो बता देना कि बीजेपी वाले आतंकवादी हैं कि गरीब और किसान आतंकवादी हैं।'' गौरतलब है कि पीएम मोदी ने रविवार को सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह हैरान थे कि अहमदाबाद ब्लास्ट में आतंकवादियों ने 'साइकिल' का इस्तेमाल क्यों किया। इस आतंकी हमले में फांसी की सजा पाने वाले एक आतंकवादी के पिता के सपा में होने का दावा करते हुए बीजेपी अखिलेश यादव को घेर रही है।
