दो हजार रुपए की उधारी नहीं लौटाने पर युवक को जिंदा जलाया

भिण्ड
 वह गिड़गिड़ाता रहा और आसपास जमा लोग तमासा देखते रहे। उधार लिए दो हजार रुपए वापिस नहीं लौटाने पर बौखलाए आरोपी युवक ने २८ वर्षीय युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। युवक को जिला अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। वारदात रविवार की शाम करीब ५ बजे की है।

विजय आदिवासी पुत्र सोनेलाल आदिवासी निवासी वीरेंद्र नगर भिण्ड ने पुलिस को बताया कि उसने पांच दिन पूर्व अपने पड़ौसी राणा आदिवासी से दो हजार रुपए उधार लिए थे। २० फरवरी को रुपए उसे वापिस लौटाने थे लेकिन उसके पास रुपयों का इंतजाम नहीं हो पाया। ऐसे में आरोपी राणा आदिवासी आकर तत्काल रुपए वापिस करने के लिए कहने लगा। ऐसे में उसने दो दिन बाद रुपए लौटा देने के लिए कहा। बावजूद इसके वह नहीं माना। और तैश में आकर उसने उसके शरीर पर पेट्रोल डाल दी। इस दौरान वह रहम की भीख मांगता रहा लेकिन न तो आरोपी को रहम आया और ना ही वहां मौजूद लोगों ने आगे बढक़र उसे बचाने का प्रयास किया। देखते ही देखते आरोपी राणा आदिवासी ने पेट्रोल से भीगे उसके शरीर पर आग लगा दी। पुलिस की मदद से घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उल्लेखनीय है कि पीडि़त युवक कबाड़ बीनकर अपना और अपनी बुजुर्ग मां का जीवन यापन कर रहा है। वारदात के बाद से पुलिस आरोपी राणा आदिवासी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। आरोपी ने खौफनाक वारदात को कुछ रुपयों के लिए अंजाम दे दिया। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *