24 घंटे में प्रदेश में सामने आए करीब 847 नए कोरोना संक्रमित, देशभर में 16051 नए केस 206 लोगों ने गंवाई जान

भोपाल/ नई दिल्ली। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर अब खात्मे की ओर बढ़ रही है। हालात ये हैं कि पूरे प्रदेश में करीब 46 दिन बाद एक दिन में एक हजार से कम कोरोना के नए केस मिले हैं। तीसरी लहर में इसके पहले 6 जनवरी को करीब 970 नए मरीज मिले थे। बीते 24 घंटे में प्रदेश में करीब 847 नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। वहीं, 1475 मरीज रिकवर भी हुए हैं। साथ ही दो संक्रमितों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में अब पूरे प्रदेश में करीब 6897 ही एक्टिव केस बचे हैं।  प्रदेश में सबसे ज्यादा केस भोपाल से सामने आ रहे हैं। भोपाल में अब भी एक दिन में 100 से अधिक केस मिल रहे हैं। बीते 24 घंटे में भोपाल में 151, इंदौर में 58, जबलपुर में 37, शिवपुरी में 35, नरसिंहपुर में 34, उमरिया में 32, रायसेन, सीहोर और सिवनी में 30-30 नए मरीज सामने आए हैं। दूसरी ओर देशभर में पिछले 24 घंटे में 16 हजार 051 नए केस सामने आए हैं और 206 लोगों की मौत हुई है।  इस बीच ओमिक्रॉन के नए वैरिएंट बीए.2 को लेकर जापान में किए गए शोध में चौंकाने वाले नतीजे आए हैं। अमेरिकी स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने डब्ल्यूएचओ से कहा है कि इस वैरिएंट को तुरंत चिंताजनक वैरिएंट घोषित किए जाना चाहिए।  ओमिक्रॉन के बीए.2 सब स्ट्रैन या उप स्वरूप को लेकर किए गए इस अध्ययन के निष्कर्ष बतौर कहा गया है कि यह न केवल तेजी से फैलता है बल्कि गंभीर रोग भी पैदा कर सकता है। इस शोध रिपोर्ट के आधार पर अमेरिका के लोक स्वास्थ्य वैज्ञानिक डॉ एरिक फीगल-डिंग ने बीए.2 को तुरंत चिंताजनक स्वरूप घोषित करने की मांग की।  

 बीए.2 पर एक्सपर्ट की चेतावनी

  • टोक्यो के एक विश्वविद्यालय के डॉक्टरों ने इस पर शोध किया है। बीए.2 सब वैरिएंट तेजी से फैलता व संक्रमित को गंभीर रूप से बीमार करता है।
  • पिछले सप्ताह डब्ल्यूएचओ ने सावधान करते हुए कहा था कि बीए.2 स्ट्रैन बीए.1 की तुलना में ज्यादा संक्रामक है।
  •  बीए.2 ने अब बीए.1 की जगह लेना शुरू कर दिया है। यानी यह अब तेजी से फैल रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *