योगी ने मुलायम-अखिलेश के साथ शिवपाल की तस्‍वीर पर कसा तंज

मैनपुरी 
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने करहल में जनसभा को सम्‍बोधित करते समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव पर एक के बाद एक कई वार किए। इसके साथ ही उन्‍होंने सपा से विलय के बाद शिवपाल सिंह यादव की स्थिति को लेकर तंज भी कसा। सीएम ने कल करहल में जनसभा के बाद इटावा में विजय रथ यात्रा के दौरान मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ शिवपाल की तस्‍वीर की ओर इशारा करते हुए कहा, बेचारा शिवपाल जो प्रदेश का नेता था उसे बैठने के लिए कुर्सी भी नहीं मिली और वह मुंह लटकाए बैठा था। क्या दुर्गति थी उसकी। वह दुर्गति देखते हुए लग रहा था कहां यह प्रदेश भर में घूमता था। नेता जी का प्रमुख सिपाहसलार होता था। कल कुर्सी का हत्था मिला बैठने के लिए। दुर्गति का जीता जागता नमूना बन गए हैं शिवपाल यादव।'  

दरअसल, कल विजय रथ यात्रा के दौरान जारी तस्‍वीरों में शिवपाल सिंह यादव रथ के अंदर मुलायम सिंह यादव की कुर्सी के हत्‍थे पर बैठे नज़र आ रहे हैं। वहीं बगल में अखिलेश यादव भी अपनी कुर्सी पर बैठकर लोगों का अभिवादन स्‍वीकार करते दिख रहे हैं। रथ यात्रा की तस्‍वीरों को अखिलेश ने अपने ट्विटर हैंडल से भी शेयर किया है। पिता मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल सिंह यादव के साथ वाली इस तस्‍वीर के साथ उन्‍होंने लिखा है- 'बड़ों का आशीर्वाद और जनता का साथ… अबकी लेकर आएगा ऐतिहासिक बदलाव।' इसी रथयात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता एक बुल्‍डोजर पर भी सवार दिखे थे। सपा कार्यकर्ता इस बुल्‍डोजर पर सपा का चुनाव निशान साइकिल लेकर चढ़ गए थे। उन्‍होंने इसे भाजपा के बुल्‍डोजर का जवाब बताया था।  गौरतलब है कि गुरुवार को लम्‍बे अर्से बाद मुलायम सिंह ने किसी चुनावी जनसभा को सम्‍बोधित किया। वह करहल सीट से सपा उम्‍मीदवार और अपने बेटे पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के लिए वोट की अपील करने पहुंचे थे। मुलायम के इस कार्यक्रम को लेकर विजय रथ यात्रा में भी सपाइयों का जोश देखने को मिला। आज सीएम योगी भी करहल पहुंचे। उन्‍होंने सपा और अखिलेश यादव पर जमकर सियासी तीर छोड़े। 

कल स्‍वतंत्रदेव ने साधा था निशाना 
मुलायम-अखिलेश के साथ शिवपाल की इस तस्वीर पर निशाना साधते हुए कल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट किया था- 'चाचा को ना चुनाव लड़ने के लिए सीट मिली ना रथ में बैठने के लिए, वैसे भतीजे को भी 10 मार्च को अपनी सीटें ढूंढ़ना मुश्किल हो जाएगा।'  

शिवपाल बोले-समाजवादी एकता से बौखला गई है भाजपा 
इसके पहले मैनपुरी के करहल में गुरूवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विजय रथ में अपनी तस्वीर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तंज पर पलटवार करते हुये प्रगतिशील पार्टी (प्रसपा) संस्थापक शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि समाजवादी एकता की प्रतीक तस्वीर से भाजपा की बौखलाहट बढ़ गयी है। नकारात्मकता, अशांति पैदा करना। व्यक्तिगत हमला और चरित्र हनन। यही भाजपा का हथियार है। भाजपा के शब्दकोष में तरक्की और विकास जैसे शब्द नहीं हैं। थोड़ा इंतजार करिये, 10 मार्च- भाजपा साफ।'  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *