26 फरवरी से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अब पुन: प्रतिदिन चलेगी
भोपाल
रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। भोपाल के रास्ते अमृतसर से कोरबा के बीच चलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अब पुन: रोज चलेगी। अभी यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन ही चल रही है। इसके प्रतिदिन चलने से हजारों यात्रियों को लाभ होगा। रेलवे ने इस ट्रेन को रोज चलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। रेलवे विभाग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक ट्रेन संख्या 18237 कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस 26 फरवरी से व ट्रेन संख्या 18238 अमृतसर-कोरबा एक्सप्रेस 28 फरवरी से प्रतिदिन चलेगी।
बता दें कि अभी भोपाल मंडल के भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना स्टेशनों से दिल्ली और अमृतसर की तरफ जाने के लिए पर्याप्त ट्रेनें हैं। अकेले दिल्ली की तरफ भोपाल व रानी कमलापति स्टेशन से चौबीस घंटे में 30 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के शहरों के लिए अपेक्षाकृत कम ट्रेनें हैं। कोरबा के लिए तो और भी कम ट्रेनें ही चलती हैं। ऐसे में अमृतसर-कोरबा एक्सप्रेस के पुन: प्रतिदिन चलने से रेल यात्रियों को फायदा होगा।
