जैनतीर्थ कुंडलपुर में हेलीकाप्टर की सेवा शुरू
कुंडलपुर
पंचकल्याणक महोत्सव के पुण्य के साथ रोमांच का अनुभव करना हो तो कुंडलपुर आना होगा। जैनतीर्थ कुंडलपुर में तीन हेलीकाप्टर की सेवा शुरू की गई है। 3100 रुपए में एक ट्रिप की रोमांचक यात्रा का अनुभव भक्त उठा सकते हैं। साथ ही विश्व के सबसे ऊंचे जिनालय पर पुष्पवर्षा का सुअवसर भी प्राप्त होगा।
कुंडलपुर से निर्मित हो रहा जिनालय लगभग 500 फीट ऊंचाई पर है। बेस से लगभग दो किमी की चढ़ाई है। हालांकि यहां तक जाने के लिए रोड बन चुका है और वर्तमान में यहां ऑटो से लेकर बसों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पर हेलीकाप्टर से टेंट सिटी और पहाड़ी पर निर्मित हो रहे जिनालय की भव्यता देखते ही बन रही है। पंचकल्याणक महामहोत्सव समिति की ओर से 17 फरवरी से हेलीकाप्टर की सुविधा शुरू की गई है।
एक ट्रिप की यात्रा की शुल्क 3100 रुपए
कुंडलपुर जैन तीर्थ क्षेत्र में आने वाले भक्तों के लिए अभी तीन हेलीकाप्टर का संचालन किया जा रहा है। कोई भी भक्त 3100 रुपए देकर हेलीकाप्टर में बैठ सकता है। साथ में उसे विश्व के सबसे बड़े निर्मित हो रहे जैन मंदिर पर पुष्प वर्षो का अवसर मिलेगा। इस यात्रा में तीन फेरा आसमान में लगाने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने इसका आनंद उठाया। हेलीकाप्टर का हेलीपैड कुंडलपुर-कटनी मार्ग पर बनाया गया है। 19 से शुल्क में परिवर्तन की बात व्यवस्थापक की ओर से कही गई है।
