अब उचित मूल्य की दुकान से राशन मिलने पर आएगा तत्काल एसएमएस
इंदौर
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों को उनकी पात्रता अनुसार राशन प्रदाय व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा नई व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके तहत उचित मूल्य की दुकान से हितग्राही को राशन सामग्री मिलने के बाद तत्काल उसके मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए जानकारी मिलेगी कि उसके खाते का राशन उसे मिल चुका है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सम्मिलित परिवार के सदस्यों का हर माह बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर राशन सामग्री का वितरण किया जाता है। जिला आपूर्ति नियंत्रक मीना मालाकार ने बताया कि हितग्राहियों के डाटाबेस में परिवार के कम से कम एक सदस्य का सही और वैध मोबाइल नंबर उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं के माध्यम से दर्ज कराने के निर्देश शासन स्तर से प्राप्त हुए हैं। डाटा बेस में दर्ज इस सही और वैध मोबाइल नंबर पर उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं द्वारा हितग्राही को प्रदाय की गई राशन सामग्री की जानकारी एसएमएस के माध्यम से प्रदाय की जाएगी।
हितग्राही इस एसएमएस में अंकित राशन सामग्री की मात्रा एवं विक्रेता द्वारा दी गई राशन मात्रा का मिलान कर अपनी वास्तविक हकदारी अनुसार सामग्री प्राप्त करने में सक्षम होंगे। इंदौर जिले के सभी पात्रताधारी परिवारों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवायसी निकटतम उचित मूल्य दुकान विक्रेता से कराएं तथा परिवार के कम से कम एक सदस्य का सही मोबाइल नंबर डाटाबेस में दर्ज कराएं। उचित मूल्य दुकानों के जरिए भी इसकी जानकारी हितग्राहियों को देने के लिए कहा गया है।
पहले भी उचित मूल्य की दुकानों से हितग्राहियों को कम सामग्री देने के साथ ही अन्य भ्रष्टाचार होने की शिकायतें आती रही हैं। कई बार विक्रेता सामान में हेरफेर कर या नहीं होने का बहाना बनाकर हितग्राहियों को कम सामग्री देते थे और बचे हुए सामान को बाजार में बेच देते थे। अब हितग्राहियों का पूरा डाटाबेस तैयार होने के बाद इस तरह के भ्रष्टाचार पर काफी हद तक रोक लग सकेगी।
