मशहूर सिंगर और कंपोजर बप्पी लहिरी का निधन, गोल्ड के थे शौकीन

मुंबई
बॉलीवुड सिंगर बप्पी लहरी नहीं रहे। वह 69 साल के थे। बुधवार (16 फरवरी, 2022) सुबह उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक डॉक्टर के हवाले से बताया कि मुंबई के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया।

बप्पी लहिरी को बीते साल अप्रैल में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब वह कोरोना की चपेट में आ गए थे। हालांकि कुछ दिनों में ही वह ठीक भी हो गए थे। इस वक्त वह मुंबई के Criticare अस्पताल में भर्ती थे।

डॉक्टर बोले- कई हेल्थ इशूज से जूझ रहे थे बप्पी दा
पीटीआई ने बप्पी लहिरी के निधन की पुष्टि की। वहीं अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. दीपक नामजोशी ने बताया कि बप्पी लहिरी एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें सोमवार (14 फरवरी) को डिस्चार्ज कर दिया गया था। लेकिन मंगलवार को उनकी हालत बिगड़ गई। बप्पी दा के परिवार ने डॉक्टर को घर पर बुलाया। बप्पी दा को तुरंत ही अस्पताल लाया गया। डॉक्टर के मुताबिक, बप्पी दा हेल्थ संबंधी काफी (Bappi Lahiri health issues) परेशानियों से जूझ रहे थे। उनका निधन OSA (obstructive sleep apnea) के कारण हुआ।

उन्होंने गीत-संगीत के अलावा सियासत में भी हाथ आजमाया था। वह 2014 में चुनाव लड़े थे। 2014 के आम चुनाव में वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट पाए थे और श्रीरामपुर सीट से लड़े थे।

लहरी सोने के काफी शौकीन थे। सोने की मोटी चेन, अंगुठियां और ब्रेसलेट उनकी असेररीज का हिस्सा थीं। बप्पी दा ने तब अपने चुनावी हलफनामे में जानकारी दी थी कि उनके पास 756 ग्राम सोन और 4.62 किलोग्राम चांदी है, जबकि उनकी कुल संपत्ति तब 20 करोड़ रुपए थी।

इंडस्ट्री में शोक, फैंस और सेलेब्स कर रहे याद
बप्पी लहिरी के निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर सिलेब्रिटीज और फैंस 'डिस्को किंग' को याद कर भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि अब बप्पी दा भी इस दुनिया में नहीं हैं। कुछ दिन पहले ही स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन हो गया था। अभी देश लता जी को खोने के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब बप्पी दा हमेशा के लिए अलविदा कह गए।

 

'बिग बॉस 15' में दिखे
बप्पी लहिरी इस साल सलमान खान के शो 'बिग बॉस 15' में भी नजर आए थे। उस दौरान भी उनकी तबीयत नासाज लग रही थी। सलमान ने सेट पर बप्पी दा को बिठाने के लिए खास व्यवस्था करवाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *