ओला पीड़ित किसानों के खाते में 275 करोड़ की राहत राशि जल्द होगी ट्रांसफर
भोपाल
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है।पीएम फसल बीमा राशि का वितरण करने के बाद अब मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार जल्द ओला पीड़ित किसानों को भी राहत दे सकती है। जल्द 25 जिलों के 1 लाख 70 हजार से ज्यादा किसानों के खाते में 275 करोड़ की राहत राशि ट्रांसफर की जा सकती है।हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संकेत देते हुए कहा था कि बहुत जल्द ही राहत राशि किसानों के खाते में जारी की जाएगी।
दरअसल, बीते दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए थे कि ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का तत्काल सर्वे करवाए और किसानों को जल्द राहत राशि दी जाए। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मध्य प्रदेश शिवराज सरकार द्वारा ओलावृष्टि से बर्बाद 25 जिलों की फसलों का सर्वे पूरा करा लिया है और इसमें फसल नुकसान का क्षेत्र (रकबा) एक लाख 64 हजार 566 हेक्टेयर क्षेत्र की फसल में नुकसान पाया गया है। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा सभी जिलों की रिपोर्ट को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है।
इसके तहत 70 तहसीलों 1 हजार से ज्यादा गांवों के लगभग 1 लाख 70 हजार किसान प्रभावित हुए है, जिन्हें मुआवजा मिलना है। संभावना जताई जा रही है कि फसल बीमा की तरह 277 करोड़ की राहत राशि भी सभी जिलों में किसानों को एक साथ सिंगल क्लिक के द्वारा ट्रांसफर की जा सकती है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने किसानों के खाते में खरीफ 2020 और रबी 2020-21 की 49 लाख दावों में 7618 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरित की थी।
