देशद्रोही हैं तेलंगाना के CM, लोगों का खून खौल रहा: सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने पर KCR पर भड़की भाजपा

हैदराबाद।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सितंबर 2019 में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर केंद्र सरकार से सबूत मांगकर विवाद खड़ा कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर यह कहते हुए तीखा हमला किया कि वह "देशद्रोही" की तरह बात कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में मीडियाकर्मियों से कहा, "मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भारतीय सेना को कमजोर करने के लिए देशद्रोही की तरह बात कर रहे हैं। आप जैसा देशद्रोही जो पाकिस्तान और चीन का एजेंट है, तेलंगाना की धरती पर रहने के लायक नहीं है। तेलंगाना के लोग निश्चित रूप से आपको जवाब देंगे।'

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणियों ने लोगों को काफी नाराज कर दिया है। लोगों का खून खौल रहा है। भाजपा नेता ने कहा, "मुख्यमंत्री केसीआर द्वारा भारतीय सेना का अपमान करने के लिए पूरा भारत शर्मिंदा है।" उन्होंने कहा, "आप कांग्रेसियों द्वारा लिखी गई पटकथा पढ़ रहे हैं।" आपको बता दें कि सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने को लेकर राव को हाल ही में बीजेपी से काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी।

रविवार को केसीआर मे कहा था, ''आज भी मैं सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहा हूं। भारत सरकार को (सबूत) दिखाने दो। बीजेपी झूठा प्रचार करती है इसलिए लोग सबूत मांग रहे हैं।'' तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र में एक सम्राट की तरह काम कर रही है।

आपको बता दें कि उरी में बेस कैंप में एक आतंकवादी हमले में भारतीय सेना के 19 जवानों के शहीद होने के बाद सितंबर 2016 में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सर्जिकल स्ट्राइक की थी। भारत ने सोमवार को पुलवामा हमले की तीसरी बरसी मनाई। 14 फरवरी, 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *