ISL 2022: मुंबई ने ओड़िसा से किया हिसाब चुकता, टॉप 4 में बनायी जगह

नई दिल्ली
मुंबई सिटी एफसी रविवार को फतोर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चैम्पियनों की तरफ खेली और इगोर अंगुलो और बिपिन सिंह की डबल स्ट्राइक के दमपर उसने ओड़िसा एफसी को 4-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही मौजूदा चैम्पियन मुंबई हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

यह मुंबई सिटी की इस सीजन में सातवीं जीत रही और उसने तालिका में दो स्थानों की छलांग लगा ली है। कोच डेस बकिंगहम की टीम 15 मैचों में 25 अंक जुटा चुकी है। वहीं, अपनी सातवीं हार के बावजूद ओड़िसा एफसी अंक तालिका में सातवें स्थान पर बनी हुई है। कोच किनो गार्सिया की टीम 16 मैचों में छह जीत और तीन ड्रा से 21 अंक जुटा चुकी है। मैच का पहला गोल 41वें मिनट में आया, जब स्पेनिश स्ट्राइकर इगोर अंगुलो ने मुंबई सिटी एफसी को 1-0 से आगे कर दिया। दाहिने फ्लैंक से राइट बैक राहुल भेखे के क्रॉस पर इगोर ने जम्प करके हैडर से गेंद को गोलपोस्ट के बाएं किनारे की दिशा दे दी जबकि ओड़िसा के गोलकीपर अर्शदीप सिंह अपने से दूर जाती गेंद को गोलजाल में उलझते हुए देखने के सिवाय कुछ नहीं कर सके। यह इगोर का इस सीजन में नौवां गोल है।

47वें मिनट में विंगर बिपिन सिंह ने गोल करके मुंबई सिटी की बढ़त को 2-0 कर दिया। मोरोक्कन डिफेंसिव अहमद जाहू ने मैदान के अटैकिंग थर्ड में लूज बॉल झपटने के बाद बिपिन को डी-बॉक्स के अंदर बायीं तरफ थ्रू-पास दिया। बिपिन ने तेजी से आगे दौड़ते हुए मुश्किल कोण से राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलजाल में उलझा दिया जबकि तेजी आते इस शॉट को रोकने में गोलकीपर अर्शदीप नाकाम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *